रायपुर ,27 मार्च (आरएनएस) टिकरापारा थाना क्षेत्र में 27 मार्च 2026 को पैसों के विवाद में युवक की चाकू मारकर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज 2 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। रावतपुरा फेस-02 स्थित सांई मंदिर के पास हुई इस वारदात में अजय अग्रवाल (34 वर्ष) को पेट में चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल किया गया, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
गिरफ्तार आरोपी डोमेश्वर देवांगन पिता हेमलाल देवांगन (18 वर्ष) निवासी शीतल तालाब के पास, गली नंबर 3 चांगोरभाठा थाना डीडीनगर रायपुर है। आरोपी कंस्ट्रक्शन का काम करता था और मृतक से 50 हजार रुपये को लेकर उसका विवाद चल रहा था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। मृतक के परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि घायल अवस्था में अजय अग्रवाल ने खुद आरोपी का नाम बताया था। इसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू की और उसे पकड़कर हिरासत में ले लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी पैसे लेने मृतक के घर गया था। पैसे नहीं मिलने पर वह बाहर इंतजार करता रहा और जैसे ही अजय अग्रवाल घर से निकला, आरोपी ने सब्जी काटने वाले चाकू से उसके पेट में वार कर दिया। इस हमले में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
आरोपी के खिलाफ थाना टिकरापारा में हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू को भी बरामद कर लिया है।
पूरे मामले में निरीक्षक विनय सिंह बघेल, निरीक्षक रवीन्द्र यादव, उपनिरीक्षक अतुलेश राय सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिन्होंने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।

