लखनऊ, 28 मार्च (आरएनएस)। पूर्वोत्तर रेलवे, गोरखपुर के प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव के साथ लखनऊ परिक्षेत्र के विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों एवं मनोरंजन संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बहु-विषयक प्रशिक्षण केंद्र, ऐशबाग; मंडल प्रशिक्षण केंद्र (कैरिज एंड वैगन), ऐशबाग डिपो; मनोरंजन संस्थान, ऐशबाग; ट्रैक मेंटेनर छात्रावास, ऐशबाग तथा महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित लखनऊ सिटी रेलवे स्टेशन का विस्तृत अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी ने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं, आधारभूत सुविधाओं तथा कर्मचारियों के लिए उपलब्ध संसाधनों की गुणवत्ता का गहन मूल्यांकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण केंद्रों में संचालित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों के कौशल विकास और कार्यकुशलता में वृद्धि के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों को और अधिक व्यावहारिक, आधुनिक और तकनीकी रूप से उन्नत बनाया जाए, जिससे कर्मचारियों की दक्षता में निरंतर सुधार सुनिश्चित हो सके।ट्रैक मेंटेनर छात्रावास और कैरिज एंड वैगन डिपो के निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष व्यक्त किया तथा आवश्यक सुधार के लिए सुझाव भी दिए। ऐशबाग स्थित मनोरंजन संस्थान में पुस्तकालय, इनडोर खेल, व्यायाम सुविधाएं और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से कर्मचारियों के मानसिक और शारीरिक विकास के लिए समुचित व्यवस्थाएं उपलब्ध कराए जाने की सराहना की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के रहने और कार्य करने के वातावरण को बेहतर बनाना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे उनका मनोबल ऊंचा बना रहे और वे अधिक समर्पण के साथ कार्य कर सकें।इसके पश्चात महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित लखनऊ सिटी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने इस पहल को महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल न केवल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाती है, बल्कि संगठन में सकारात्मक कार्य संस्कृति को भी प्रोत्साहित करती है।इस अवसर पर उन्होंने कार्मिक विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि विभाग कर्मचारियों के हितों और कल्याण के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास कर रहा है। उन्होंने कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उनके समाधान का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान मंडल कार्मिक अधिकारी और हित निरीक्षक भी उपस्थित रहे।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

