पेड़ की डाल गिरने से पुलिस वाहन चकनाचूर
रौनक कुमार शंकर
पश्चिम मेदिनीपुर,28 मार्च (आरएनएस)। जिले में शुक्रवार रात आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। मेदिनीपुर के गुडग़ुडि़पाल थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में पेड़ की भारी डाल पुलिस की गाड़ी पर गिर गई, जिससे एक कांस्टेबल की मौत हो गई और तीन अन्य पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक की पहचान संतोष छेत्री (59) के रूप में हुई है, जो मेदिनीपुर शहर के नेपालीपाड़ा इलाके के निवासी थे। शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे अचानक तेज आंधी और बारिश शुरू हुई। तूफान इतना प्रचंड था कि कई जगहों पर पेड़ों की डालियां, पंडाल और तोरण टूटकर सड़कों पर गिर गए। इसी दौरान गुडग़ुडि़पाल थाना के जंगल से सटे इलाके में गश्त कर रही पुलिस टीम की गाड़ी पर एक बड़ा पेड़ का हिस्सा गिर पड़ा। हादसे में वाहन में सवार सभी पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से चारों को तुरंत मेदिनीपुर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान संतोष छेत्री की मौत हो गई। घायलों में से एक पुलिसकर्मी की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर कर दिया गया है। घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक पापिया सुल्ताना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सौतम बंद्योपाध्याय अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। इस घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है, वहीं प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

