हावड़ा 29 मार्च (आरएनएस) जिले के बाली जूट मिल श्रमिक इलाके में शनिवार रात पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति द्वारा धक्का दिए जाने के बाद महिला का सिर दीवार से टकरा गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पति अपने तीन नाबालिग बच्चों के साथ थाने पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृत महिला की पहचान शकीला खातून के रूप में हुई है, जबकि आरोपित पति मोहम्मद जावेद (37) बाली जूट मिल में काम करता था। दंपति अपने तीन बेटों के साथ श्रमिक कॉलोनी के 202 नंबर क्वार्टर में रहते थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और कई बार मामला हाथापाई तक पहुंच जाता था। शनिवार रात करीब 11 बजे जावेद के काम से घर लौटने के बाद एक बार फिर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान गुस्से में आकर जावेद ने कथित रूप से अपनी पत्नी को जोर से धक्का दे दिया। इससे शाकिला दीवार से टकरा गईं और उनके सिर में गंभीर चोट आई। अत्यधिक रक्तस्राव के चलते वह बेहोश होकर गिर पड़ीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के वक्त दंपति के तीनों बच्चे घर के बाहर थे। शोर सुनकर वे अंदर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मां की मौत हो चुकी थी। पत्नी की हालत देखकर घबराए जावेद ने बच्चों को साथ लिया और सीधे थाने पहुंचकर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

