रायगढ़ 28 मई (आरएनएस) “किराना दुकान की आड़ में मासूमों को नशे की लत लगाई जा रही थी, लेकिन ‘ऑपरेशन आघात’ ने पूरा खेल उजागर कर दिया”, रायगढ़ पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए नाबालिग बच्चों को सोल्यूशन ट्यूब बेचने वाले दुकानदार समेत अवैध शराब कारोबारियों पर शिकंजा कस दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जूटमिल पुलिस ने केलो पुल के पास जेल कॉम्प्लेक्स स्थित संतोष किराना दुकान पर रेड मारी, जहां नाबालिग बच्चे कपड़े में सोल्यूशन लगाकर नशा करते मिले। पुलिस को देखते ही बच्चे मौके से भाग निकले। दुकान संचालक संतोष वाधवानी पिता स्व. रमन दास वाधवानी उम्र 57 वर्ष निवासी पंचवटी नगर बोईरदादर थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़ की दुकान की तलाशी लेने पर MAXO BOND ADHESIVE कंपनी के 50 एमएल के 13 नग और 10 एमएल के 39 नग सोल्यूशन ट्यूब समेत 450 रुपये बिक्री रकम बरामद हुई। कुल 1555 रुपये की सामग्री जप्त कर आरोपी को धारा 77 जेजे एक्ट तथा धारा 123, 275 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। वहीं दूसरी कार्रवाई में पूंजीपथरा पुलिस ने गेरवानी केसर जंगल में दबिश देकर 22 लीटर महुआ शराब के साथ दो आरोपियों को पकड़ा। लगातार हो रही कार्रवाई से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि युवाओं और नाबालिगों को नशे की ओर धकेलने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। बहरहाल, रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन आघात” अब नशे के सौदागरों के लिए सबसे बड़ा डर बन चुका है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

