नईदिल्ली,12 जुलाई(आरएनएस)। दिल्ली से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां 5 नाबलिकों ने एक युवक की चाकू से गोकदर इसलिए हत्या कर दी कि उसकी गलती उन पर कीचड़ के छींटे लग गए थे। पुलिस ने इस मामले में अब 5 नाबालिगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार यह घटना 9 जुलाई को केशव पुरम की ओर जाने वाले प्रेम बारी पुल के पास हुई थी। पुलिस अब चाकू बरामद करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने बताया कि 9 जुलाई को पुलिस कंट्रोल रूम (सीपीआर) के जरिए एक युवक के घायल हालत में सड़क किनारे पड़े होने की सूचना मिली थी। उसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को दीप चंद बंधु अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक की पहचान दिल्ली के उधम सिंह पार्क निवासी बंसी लाल के रूप में हुई है। वह लाला लाजपत राय बाजार में एक सीसीटीवी की दुकान पर काम करता था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कीचड़ उछलने की घटना के बाद युवक और नाबालिगों में तीखी बहस हुई थी। उसके बाद नाबालिगों ने सामूहिक रूप से युवक पर चाकुओं से हमला कर दिया। वारदात के बाद सभी नाबालिग मौके से फरार हो गए। अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय जानकारी से आरोपियों की पहचान करने में मदद मिली।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

