भाटापारा, 30 मार्च 2026 (आरएनएस) — एक फोन कॉल और सटीक इनपुट ने अवैध शराब कारोबार की पूरी कड़ी खोल दी जब भाटापारा शहर पुलिस ने “समाधान सेल” में मिली सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मेन रोड रामसागर वार्ड स्थित बिजली सब स्टेशन के सामने घेराबंदी कर एक शराब कोचिया को रंगे हाथों पकड़ लिया और उसके कब्जे से शराब का जखीरा और बाइक जब्त कर ली। मामला 29 मार्च का है जब समाधान सेल हेल्पलाइन पर अवैध शराब बिक्री की सूचना मिली, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में संचालित इस विशेष व्यवस्था के तहत सूचना मिलते ही टीम अलर्ट हुई और तत्काल मौके पर रणनीतिक घेराबंदी की गई, कुछ ही देर में आरोपी पुलिस के जाल में फंस गया। पकड़े गए आरोपी की पहचान अजीत वैष्णव, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम तरेंगा थाना भाटापारा ग्रामीण के रूप में हुई, जो अवैध रूप से शराब लेकर बिक्री के लिए जा रहा था, तलाशी में उसके पास से ₹3000 कीमत के 30 पाव देशी मसाला शराब बरामद किए गए, साथ ही परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल स्कूटी क्रमांक CG22 HE 9716 भी जब्त कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना भाटापारा शहर में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई। खास बात यह रही कि “समाधान सेल” हेल्पलाइन लगातार ऐसे मामलों में बड़ी सफलता दिला रही है, जहां आम जनता की सूचना सीधे अपराधियों तक पुलिस को पहुंचा रही है और अपराधियों की धरपकड़ आसान बना रही है। पुलिस ने एक बार फिर अपील की है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, शिकायत या अपराध की सूचना तुरंत समाधान सेल नंबर 94792 20392 पर दें, क्योंकि आपकी एक सूचना अपराध के खिलाफ सबसे बड़ा हथियार बन सकती है—अब अपराध छिपेगा नहीं, सीधे पकड़ा जाएगा।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

