-प्रणव पाण्डेय नायब तहसीलदार व अनुपम तिवारी का डिप्टी जेलर पद हुआ चयन
मिल्कीपुर-अयोध्या 30 मार्च (आरएनएस)। विकासखंड मिल्कीपुर के गोठवारा ग्राम सभा निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य साहब लाल यादव के ज्येष्ठ पुत्र आनंद स्वरूप यादव का उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की परीक्षा में चयन हुआ है। उन्होंने 108वीं रैंक हासिल कर तहसीलदार का पद प्राप्त किया है। उनके इस चयन से जनपद सहित मिल्कीपुर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। आनंद स्वरूप यादव की प्रारंभिक शिक्षा नाज इंटर कॉलेज सोहावल में हुई थी। इसके बाद उन्होंने अपनी आगे की पढ़ाई एसएसबी इंटर कॉलेज फैजाबाद से पूरी की। वे पहले सीजीएल के माध्यम से लेखा अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। इस पद पर रहते हुए उन्होंने यूपीपीएससी की परीक्षा उत्तीर्ण की। तीन भाइयों में आनंद स्वरूप यादव सबसे बड़े हैं। उनकी पत्नी मुक्ता यादव बीकापुर में सहायक अध्यापक हैं। उनके छोटे भाई बृजेंद्र स्वरूप यादव सुल्तानपुर जिला न्यायालय में अपर सिविल जज के पद पर कार्यरत हैं, और उनकी पत्नी श्रीमती ऐश्वर्या यादव मिर्जापुर जिला न्यायालय में अपर सिविल जज हैं। सबसे छोटे भाई अनुराग यादव दिल्ली में रहकर सिविल सेवा की तैयारी कर रहे हैं। उनकी माता का नाम कुसुम यादव है, जो गोठवारा की पूर्व प्रधान रह चुकी हैं। आनंद स्वरूप यादव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती, बल्कि इसके लिए कठिन परिश्रम और लगन की आवश्यकता होती है। आनंद स्वरूप यादव के तहसीलदार पद पर चयन होने के बाद उनके पैतृक गांव गोठवारा सहित पूरे मिल्कीपुर क्षेत्र से बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। लोगों ने आनंद स्वरूप यादव के पिता पूर्व जिला पंचायत सदस्य साहब लाल यादव को मिठाई खिलाकर बधाई दी। बधाई देने वालों में हरिकेश यादव, दादा हितलाल यादव, ओंकार सिंह, विनोद यादव, दिलीप कुमार यादव, प्रधान अगरबा पिंटू यादव, पूर्व प्रधान पलिया सभाजीत यादव, समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एजाज अहमद, कृष्ण कुमार पटेल, संजीत यादव, प्रशांत यादव, सुमित, पंकज यादव सहित कई ग्रामवासी और क्षेत्रवासी शामिल रहे। इसी तरह कुमारगंज क्षेत्र के सरूरपुर खरैला गांव निवासी प्रणव पाण्डेय ने नायब तहसीलदार पद प्राप्त किया है। उनके पिता विश्वमित्र पाण्डेय मथुरा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। प्रणव पांच भाई-बहनों में से एक हैं। उनके बड़े भाई अनुराग पाण्डेय हमीरपुर पॉलिटेक्निक में प्रवक्ता हैं, जबकि बड़ी बहन पूजा सरकारी शिक्षिका हैं। दूसरी बहन प्रज्ञा कुमारगंज स्थित कृषि विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं और छोटे भाई योगेश पाण्डेय आगरा में एमबीबीएस सर्जन के रूप में कार्यरत हैं। प्रणव पाण्डेय की सफलता की खबर मिलते ही परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। परिजन और ग्रामीण लगातार उनके घर पहुंचकर शुभकामनाएं दे रहे हैं। प्रणव की माता ने खुशी जताते हुए कहा कि उनके सभी बच्चों ने मेहनत के बल पर सफलता हासिल की है। वहीं, उनके परिजन राम भूषण पाण्डेय ने बताया कि यह सफलता लंबे इंतजार के बाद मिली है, जिसे प्रणव ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन से संभव किया। उनकी बहन प्रज्ञा ने बताया कि प्रणव ने दूसरी बार में यह परीक्षा पास की और छात्रों को संदेश दिया कि निरंतर प्रयास से सफलता जरूर मिलती है। इसी तरह अमानीगंज शिक्षा क्षेत्र की ग्राम पंचायत धरौली कटैया भदी गांव निवासी अनुपम तिवारी ने डिप्टी जेलर पद पर चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया है। अनुपम इलाहाबाद में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। उनके पिता श्याम नारायण तिवारी सरकारी शिक्षक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। अनुपम अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। दोनों युवाओं की सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

