रांची 1 अप्रैल (आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने विष्णुगढ़ की घटना को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा कि यह एक सुनियोजित साजिश है, जिसके तहत एक लोकप्रिय सरकार को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा आंकड़ों की बाजीगरी और झूठे नैरेटिव के सहारे जनता को गुमराह करना चाहती है, लेकिन झारखंड की जनता सब जानती है। आलोक दूबे ने कहा कि भाजपा जिस एनसीआरबी के आंकड़ों का हवाला दे रही है,उसी में भाजपा शासित राज्यों और झारखंड में उनके शासनकाल के अपराध के विस्तृत आंकड़े भी दर्ज हैं। अगर भाजपा ईमानदारी से इन आंकड़ों का अवलोकन कर ले, तो उसे खुद समझ में आ जाएगा कि अपहरण, बलात्कार, हत्या, चोरी और डकैती जैसे अपराध किन राज्यों में किस स्तर तक फैले हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी किसी भी घटना को जस्टिफाई नहीं करती। विष्णुगढ़ की घटना की कांग्रेस पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है। अपराध किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि झारखंड की पुलिस और प्रशासन पूरी जिम्मेदारी के साथ काम कर रहे हैं। अपराधी चाहे कहीं भी छिपे हों—आकाश में या पाताल में—उन्हें हर हाल में पकड़कर कानून के कठघरे में लाया जाएगा, उन्होंने सख्त लहजे में कहा।
दूबे ने तीखे शब्दों में कहा कि भाजपा को अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। प्रथम मुख्यमंत्री बाबूलाल जी और रघुवर दास जी के शासनकाल में राज्य ने महिला उत्पीडऩ, आदिवासियों पर अत्याचार, लूट, डकैती और अपहरण की अनगिनत घटनाएं देखीं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि पलामू क्षेत्र में अपराध की भयावह स्थिति इस कदर थी कि उस पर फिल्म तक बनाई गई, जो उस समय के कानून-व्यवस्था की पोल खोलती है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा शासन में खनन माफिया, कोयला माफिया और बालू माफिया खुलेआम फलते-फूलते रहे। कई मामलों में ऐसे तत्वों को राजनीतिक संरक्षण मिला और उन्हें विधानसभा व लोकसभा तक पहुंचाया गया। यह वही भाजपा है, जो आज नैतिकता की बात कर रही है, जबकि उसके अपने दामन पर अपराध और भ्रष्टाचार के दाग भरे पड़े हैं, दूबे ने कहा। दूबे ने आरोप लगाया कि जब-जब राज्य में जनहित और आदिवासी हितों की बात होती है, भाजपा साजिश के तहत माहौल बिगाडऩे की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार विकास, सामाजिक न्याय और शांति के रास्ते पर आगे बढ़ रही है, जिसे भाजपा पचा नहीं पा रही है। अंत में उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा के झूठ और प्रपंच को समझ चुकी है और ऐसे दुष्प्रचार का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

