रांची 1 अप्रैल (आरएनएस)। रांची जिले में पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए रांची के एसएसपी राकेश रंजन ने कम्पोजिट कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में जिले में चल रहे सभी पेट्रोलिंग वाहनों की गतिविधियों पर आधुनिक तकनीक के जरिए प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में बताया गया कि जिले के सभी पेट्रोलिंग वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया जा चुका है। इस सिस्टम के जरिए पुलिस को हर वाहन की लोकेशन, मूवमेंट, किस दिशा में जा रहा है, गंतव्य तक पहुंचने में कितना समय लगेगा जैसी पूरी जानकारी मिल रही है। यह जानकारी पूरी तरह सटीक और रियल टाइम में उपलब्ध हो रही है।
एसएसपी ने बताया कि इन सभी वाहनों की निगरानी अब सीधे कम्पोजिट कंट्रोल रूम से की जा रही है। इससे पुलिस अधिकारियों को यह तुरंत पता चल सकेगा कि किस इलाके में कौन-सी गाड़ी मौजूद है और कहां पेट्रोलिंग कमजोर है। पुलिस का कहना है कि इस व्यवस्था से हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा सकेगी। इस तकनीकी व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि आपातकालीन स्थिति में पुलिस जल्दी से प्रतिक्रिया दे सकेगी। किसी भी घटना की सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम से नजदीकी पेट्रोलिंग वाहन को निर्देश देकर तुरंत घटनास्थल पर भेजा जा सकेगा। इससे घटना स्थल पर पुलिस की शीघ्र पहुंच सुनिश्चित होगी और समय पर कार्रवाई संभव हो पाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस हाईटेक निगरानी प्रणाली से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। साथ ही आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ेगा। एसएसपी ने कहा कि इस तकनीक के सही इस्तेमाल से पुलिसिंग व्यवस्था अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और प्रभावी बन सकेगी। बैठक में एसएसपी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे जीपीएस आधारित इस प्रणाली का पूरी तरह उपयोग सुनिश्चित करें। किसी भी लापरवाही या तकनीकी व्यवस्था को नजरअंदाज करने पर कार्रवाई भी हो सकती है। इस बैठक में रूरल एसपी प्रवीण पुष्कर, सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, शहरी क्षेत्र एवं यातायात के सभी डीएसपी और जिले के विभिन्न थाना प्रभारी मौजूद थे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

