लखनऊ 1 अप्रैल (आरएनएस )। थाना सुशान्त गोल्फ सिटी पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी रजिस्ट्री कराने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर धोखाधड़ी कर गलत जमीन की रजिस्ट्री कराने और लाखों रुपये की ठगी करने का आरोप है।पुलिस के अनुसार दिनांक 28 जनवरी 2024 को वादी द्वारा दी गई लिखित तहरीर के आधार पर थाना सुशान्त गोल्फ सिटी में मु0अ0सं0 0042/2024 धारा 419, 420, 406 भादवि के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया था। आरोप था कि अभियुक्त ने डीएचएफएल बैंक कर्मियों की मिलीभगत से धोखाधड़ी करते हुए आवेदक को 13.50 लाख रुपये का लोन तथा 4.50 लाख रुपये नकद के माध्यम से गलत जमीन की रजिस्ट्री करा दी थी।विवेचना के दौरान 30 मार्च 2026 को पुलिस टीम वांछित अभियुक्त की तलाश में रवाना हुई। तलाश के दौरान जानकारी मिली कि अभियुक्त भरत प्रताप राव उर्फ समर प्रताप राव गौतम बुद्ध नगर के क्लियो काउंटी में निवास करता है। पुलिस टीम द्वारा घेराबंदी कर अभियुक्त का पीछा किया गया और करीब 10 से 12 किलोमीटर पीछा करने के बाद महागुन मेजारिया सोसाइटी के सामने उसे गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान भरत प्रताप राव उर्फ समर प्रताप राव पुत्र शिवप्रताप नारायण राव, निवासी ग्राम देशई थाना रामपुर कारखाना जनपद देवरिया, हाल पता सी-2/1403 क्लियो काउंटी सेक्टर-121 जनपद गौतम बुद्ध नगर, उम्र लगभग 45 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने बताया कि उसने आर्थिक परेशानी के चलते सुनील यादव को फर्जी रजिस्ट्री कर दी थी और अब वह पैसा वापस करने की बात कह रहा है।पुलिस के अनुसार अभियुक्त प्रॉपर्टी डीलर का कार्य करता है और उसके विरुद्ध विभिन्न जनपदों में धोखाधड़ी, कूटरचना और जालसाजी के 18 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया है, जबकि मामले में शामिल अन्य वांछित अभियुक्तों की तलाश जारी है। थाना सुशान्त गोल्फ सिटी पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

