लखनऊ 1 अप्रैल (आरएनएस )। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ प्रदेश के कई जनपदों में बुधवार को हुई बारिश से प्रभावित किसानों की स्थिति का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश देते हुए कहा कि मौसम की मार झेलने वाले किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, क्योंकि किसान हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि असमय बारिश से जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उसके नुकसान का त्वरित आकलन कर संपूर्ण जानकारी एकत्र की जाए और प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द राहत दिलाई जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग, कृषि विभाग और बीमा कंपनियां संयुक्त रूप से फसल नुकसान का तत्काल सर्वे कर शासन को रिपोर्ट उपलब्ध कराएं, ताकि किसानों को समय पर मुआवजा दिया जा सके।मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर आपदा और विपदा में प्रदेशवासियों के साथ निरंतर खड़ी है। उन्होंने बताया कि विगत दिनों हुई बारिश से प्रभावित फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पहले से जारी है और बुधवार को हुई बारिश से हुए नुकसान का भी शीघ्र आकलन कराया जाएगा।मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे फील्ड में रहकर वस्तुस्थिति का जायजा लें और प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन सुनिश्चित करें, जिससे किसानों को समय पर उचित सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने प्रमुख सचिव (कृषि) और राहत आयुक्त को भी निर्देश दिए कि फील्ड स्तर पर कार्यरत अधिकारियों से सीधा संपर्क बनाए रखें और सभी सूचनाएं समयबद्ध तरीके से शासन को उपलब्ध कराएं।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि फसलों को हुई क्षति का आकलन प्राप्त होते ही मुआवजा वितरण की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए और भुगतान व्यवस्था निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी की जाए, ताकि मौसम की मार झेल रहे किसानों को शीघ्र राहत मिल सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

