लखनऊ/नई दिल्ली 1 अप्रैल (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद ,मौर्या ने नई दिल्ली में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तर प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के विकास तथा किसानों की आय बढ़ाने से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (पीएमएफएमई) के सफल क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश निरंतर नए आयाम स्थापित कर रहा है। उन्होंने बताया कि ऋण स्वीकृति और वितरण के मामले में उत्तर प्रदेश वर्तमान में पूरे देश में अग्रणी स्थान पर है, जो राज्य में सूक्ष्म खाद्य उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।मुलाकात में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना, तकनीकी उन्नयन तथा स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश की कृषि क्षमता को देखते हुए आगामी योजनाओं और अतिरिक्त संसाधनों के आवंटन की आवश्यकता पर जोर दिया तथा लघु उद्यमियों और किसानों के हित में विशेष रियायतों और नई परियोजनाओं को मंजूरी देने का अनुरोध किया।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा राज्य को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण
बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा सूक्ष्म उद्यमियों को सशक्त बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

