लखनऊ 1 अप्रैल (आरएनएस )। थाना ठाकुरगंज पुलिस टीम ने रंगदारी न देने पर फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पहले से भी कई गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार 18 जनवरी 2026 को वादी फहम जहीर निवासी मॉडल हाउस अमीनाबाद ने थाना दुबग्गा में तहरीर देकर बताया था कि उनके निर्माणाधीन प्लॉट, बेगरिया क्षेत्र में निर्माण कार्य कराने के बदले आरोपियों द्वारा रंगदारी मांगी जा रही थी। रंगदारी न देने पर 18 जनवरी को आरोपियों ने फायरिंग करते हुए जान से मारने की नियत से लाठी-डंडा व हथियार लेकर भवन में घुसकर हमला कर दिया।इस सूचना पर थाना दुबग्गा में मुकदमा संख्या 26/2026 धारा 191(2)/191(3)/109(1)/333/125 बीएनएस व 7 सीएलए एक्ट के तहत इस्लाम उर्फ ओलू सहित सात नामजद और 10-15 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया। मामले की विवेचना थाना ठाकुरगंज को स्थानांतरित की गई।विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी इस्लाम उर्फ ओलू पुत्र नौशाद निवासी मिश्रीबाग बालागंज थाना ठाकुरगंज, उम्र करीब 30 वर्ष, को 01 अप्रैल 2026 को फूड वैली रिवर फ्रंट, गोमतीनगर स्थित रायल हाउस के सामने से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मनबढ़ किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध लखनऊ सहित अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में मारपीट, हत्या के प्रयास, आम्र्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 11 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी भी संबंधित जनपदों से जुटाई जा रही है।इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक ओमवीर सिंह चौहान, उप निरीक्षक राजकुमार भदौरिया, उप निरीक्षक हेमू पटेल, उप निरीक्षक राहुल सिंह सोलंकी सहित थाना ठाकुरगंज की पुलिस टीम शामिल रही।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

