पश्चिम मेदिनीपुर 1 अप्रैल (आरएनएस)। आज जिले के खडग़पुर स्थित एसडीओ कार्यालय में डेबरा विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार राजीव बनर्जी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने राज्य सरकार के विकास कार्यों को प्रमुखता से उठाया और आने वाले पांच वर्षों के लिए अपनी योजनाओं का खाका पेश किया। राजीव बनर्जी ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में मां, माटी, मानुष की सरकार ने डेबरा में व्यापक विकास किया है। उन्होंने लोवादा ब्रिज, कृषि सिंचाई, सड़क निर्माण, आईटीआई कॉलेज और ऑडिटोरियम जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि ये कार्य आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में अहम साबित हुए हैं। उन्होंने आगे कहा कि बदलते समय के साथ लोगों की जरूरतें भी बढ़ती हैं, और उन नई आवश्यकताओं को पूरा करना उनकी प्राथमिकता होगी। चुनाव जीतने के बाद वे टेबागेडिय़ा ब्रिज के निर्माण को प्राथमिकता देंगे और अधूरे पड़े सभी विकास कार्यों को तेजी से पूरा करने का प्रयास करेंगे। खेल के प्रति मेदिनीपुर के लोगों के उत्साह का जिक्र करते हुए उन्होंने क्षेत्र में एक स्टेडियम बनाने की इच्छा भी जताई। साथ ही, डेबरा की कच्ची सड़कों के विकास और निकासी व्यवस्था को मजबूत करने का भी वादा किया। विपक्ष पर टिप्पणी करते हुए राजीव बनर्जी ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का सबसे बड़ा उत्सव है और सभी राजनीतिक दलों को इसमें भाग लेना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस सालभर लोगों के साथ रहती है, जबकि अन्य दल केवल चुनाव के समय नजर आते हैं। गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने स्पष्ट किया कि डेबरा में कोई आंतरिक विवाद नहीं है और सभी नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता का समर्थन तृणमूल कांग्रेस के साथ रहेगा और डेबरा सीट जीतकर ममता बनर्जी को चौथी बार मुख्यमंत्री बनाने में योगदान देंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

