सीएम ने तृणमूल के स्थापना दिवस पर पार्टी कर्मियों दी बधाई
जगदीश यादव
बीरभूम /कोलकाता 1 अप्रैल (आरएनएस)। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज जहां तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका दल जनता के लिए संघर्ष करता रहेगा और किसी भी ‘बुरी ताकतोंÓ के सामने समर्पण नहीं करेगा। भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए उस पर गरीबों से गुपचुप तरीके से बैंक विवरण इक_ा करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में भाजपा ने चुनाव से पहले गुपचुप तरीके से खातों में 8,000 रुपये जमा किए और अब बंगाल में भी इसी तरह की रणनीति अपना रही है। नागरिकों को सतर्क रहने की चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को बैंक विवरण देने से जमा के नाम पर अनधिकृत कटौती हो सकती है। इसके साथ ही ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा सुनियोजित रूप से मतदाता सूची में बाहरी मतदाताओं और फर्जी नामों को शामिल कर रही है, जबकि वैध नामांकन फाइलों को हटाने के निर्देश दे रही है। बनर्जी ने इन गुप्त कार्रवाइयों के बारे में आंतरिक जानकारी होने का दावा किया और कहा कि आधिकारिक रिकॉर्ड अंतत: इन चुनावी अनियमितताओं के पीछे की सच्चाई को उजागर करेंगे। तृणमूल नेता ने मतदाताओं पर पडऩे वाले शारीरिक बोझ को उजागर करते हुए आधार कार्ड और मतदाता सूची अपडेट के लिए लंबी कतारों में खड़े होने के दौरान लोगों को होने वाली परेशानी के बारे में बात की। उन्होंने दावा किया कि इन प्रशासनिक बाधाओं के तनाव के कारण 225 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। वहीं उन्होंने आज आरोप लगाया कि चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त नए अधिकारियों को उनकी पार्टी के उम्मीदवारों के नामांकन खारिज करने की जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने पार्टी उम्मीदवारों से नामांकन दाखिल करते समय पूरी सावधानी बरतने की अपील की। बीरभूम जिले के नानूर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि सब कुछ बदल दिया गया है, यहां नई व्यवस्था लागू की गई है। चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त नए अधिकारियों को आपके नामांकन खारिज करने का काम दिया गया है, इसलिए नामांकन दाखिल करते समय सतर्क रहें। मुख्यमंत्री ने इस दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह राजनीतिक लाभ के लिए केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से भाजपा को वोट नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि यह पार्टी महिलाओं के खिलाफ है। ममता बनर्जी ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण प्रक्रिया (एसआईआर) पर उच्चतम न्यायालय की टिप्पणियों का स्वागत करते हुए संतोष जताया। न्यायालय ने कहा है कि जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं, वे अपील कर सकते हैं और अपीलीय न्यायाधिकरण इन मामलों का निर्णय करेंगे। बाद में बड़ग्या में एक अन्य सभा में मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग चुनाव से पहले लोगों से उनके बैंक खाते की जानकारी मांग रहे हैं। उन्होंने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि किसी को भी अपनी बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा की योजना है कि चुनाव से पहले लोगों को पैसे देकर प्रभावित किया जाए और बाद में उन्हें ठगा जाए। 294 सदस्यीय पश्चिम बंगाल विधानसभा के लिए मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को दो चरणों में होगा, जबकि मतगणना चार मई को होगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

