बागेश्वर,01 अपै्रल (आरएनएस)। जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर संघर्ष वाहिनी ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन के पदाधिकारी जिला अस्पताल पहुंचे और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर 15 सूत्रीय मांगें रखीं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्थाओं में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। संगठन ने अस्पताल में दो नए फिजिशियन की तत्काल नियुक्ति करने और तब तक वर्तमान फिजिशियनों को कार्यमुक्त न करने की मांग की। साथ ही एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की शीघ्र तैनाती पर भी जोर दिया। पदाधिकारियों ने 18 करोड़ रुपये की लागत से बनी चौथी मंजिल के 18 महीने बाद भी शुरू न होने पर नाराजगी जताते हुए इसे जनता के लिए खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि मरीजों को दवाइयां बाहर से लिखी जा रही हैं, जिस पर रोक लगाकर सभी दवाएं अस्पताल से ही निशुल्क उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान कई शौचालय बंद मिलने पर उन्हें तत्काल खोलने, प्रत्येक बेड के साथ स्टूल उपलब्ध कराने और मरीजों के बैठने के लिए पर्याप्त बेंच लगाने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष कवि जोशी ने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा में मरीजों को एक से दो घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिसे सुधारना जरूरी है। अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की कमी के कारण अल्ट्रासाउंड और रक्त जांच बाहर से कराए जाने पर भी नाराजगी जताई गई और इसे अस्पताल में ही सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा, पिछले एक वर्ष से बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को चालू कराने, दिव्यांग और बुजुर्गों के लिए पर्ची काउंटर नियमित रूप से संचालित करने तथा खराब बेड बदलने की मांग भी रखी गई।संगठन ने अस्पताल परिसर और नालियों की सफाई, कूड़े के ढेर हटाने तथा सिटी स्कैन टेक्नीशियन सहित रिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की जल्द नियुक्ति पर भी जोर दिया। चेतावनी दी गई कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन अस्पताल प्रशासन के खिलाफ तालाबंदी कर उग्र जन आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

