नईदिल्ली,02 अपै्रल (आरएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के कोयला तस्करी से जुड़े मामले में राजनीतिक परामर्श फर्म इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी (आई-पीएसी) के खिलाफ बड़ा तलाशी अभियान चलाया। एजेंसी ने फर्म से संबंधित हैदराबाद, बेंगलुरु और दिल्ली के दफ्तरों पर नए सिरे से छापामारी की है। अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान आई-पीएसी के निदेशकों में से एक ऋषि राज सिंह का बेंगलुरु स्थित परिसर भी जांच के दायरे में है। सभी जगह एकसाथ तलाशी चल रही है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये तलाशी अभियान ईडी द्वारा कोयला तस्करी मामले में जारी कार्रवाई का हिस्सा हैं। इसके तहत एजेंसी हाल के वर्षों में कई छापेमारी और गिरफ्तारियां कर चुकी है। इसी साल जनवरी में, ईडी ने आई-पीएसी के कोलकाता स्थित सॉल्ट लेक कार्यालय और उसके दूसरे निदेशक प्रतीक जैन के परिसर में तलाशी ली थी। छापामारी के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पहुंच गईं और दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया था, जिससे बखेड़ा खड़ा हुआ था।
राजनीतिक परामर्श कंपनी आई-पीएसी पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस के लिए काम कर रही है। एजेंसी पार्टी की चुनावी रणनीतियों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। जनवरी में छापेमारी के दौरान खड़े हुए विवाद को देखते हुए ईडी ने कोलकाता हाई कोर्ट फिर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। एजेंसी का दावा है कि अपराध से प्राप्त लगभग 10 करोड़ रुपये हवाला मार्गों से आई-पीएसी को भेजी गई थी।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

