रांची 2 अप्रैल (आरएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) रांची महानगर इकाई द्वारा पार्टी के वरिष्ठ नेता तेजस्वी यादव के 5 अप्रैल को रांची आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। महानगर अध्यक्ष सहबाज अहमद के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा, स्वागत व्यवस्था और जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सहबाज अहमद ने कहा कि तेजस्वी यादव का रांची दौरा कार्यकर्ताओं के लिए उत्साह और ऊर्जा का संचार करेगा। उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाया जा सके।
उन्होंने आगे कहा कि एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल कार्निवल तक भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर स्वागत द्वार, बैनर और पोस्टर लगाए जाएंगे। साथ ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए वार्ड स्तर पर बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं। बैठक में मौजूद अन्य नेताओं ने भी अपने-अपने सुझाव रखे और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने और आम जनता तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। इस मौके पर बोलते हुए राष्ट्रीय जनता दल रांची जिला के महानगर अध्यक्ष जितेंद्र राणा ने कहा पार्टी के नेता तेजस्वी यादव के आने से पार्टी का झारखंड में संगठन मजबूत होगा. अंत में सहबाज अहमद ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अनुशासन बनाए रखते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएं और पार्टी की एकजुटता का परिचय दें।इस मौक़े पर नूर, मेराज,आकाश साहू,अमीरा राय,फैसल सलीम,दिलीप शर्मा ,हक साहब विनय चौधरी, अजय कुमार समेत कई लोग मौजूद थे.
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

