सिरसा 3 अप्रैल (आरएनएस)। सीएमके नेशनल स्नातकोत्तर महाविद्यालय के करियर गाइडेंस एवं प्लेसमेंट सेल द्वारा प्राचार्या श्रीमती अंशु उप्पल के कुशल मार्गदर्शन में ‘व्यावसायिक शिष्टाचारÓ विषय पर एक प्रभावशाली विस्तार वार्ता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की संयोजिका के रूप में डॉ. निशा तलंगा एवं डॉ. दीपिका शर्मा ने बताया कि इस विस्तार वार्ता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को व्यावसायिक जीवन में आवश्यक शिष्टाचार, व्यवहारिक कौशल एवं व्यक्तित्व विकास के विभिन्न आयामों से परिचित कराना रहा। इस अवसर पर ओम स्टर्लिंग ग्लोबल यूनिवर्सिटी हिसार से आए विशिष्ट अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को विशेष बनाया। मुख्य वक्ता के रूप में श्री मेवा सिंह, मार्केटिंग मैनेजर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल शैक्षणिक योग्यता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रभावी संप्रेषण कौशल, आत्मविश्वास, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं प्रोफेशनल एटिकेट्स सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इंटरव्यू के दौरान अपनाए जाने वाले व्यवहार, उचित बॉडी लैंग्वेज, ड्रेसिंग सेंस, समय प्रबंधन तथा कार्यस्थल पर अनुशासन के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि एक अच्छा व्यक्तित्व न केवल करियर में उन्नति दिलाता है, बल्कि व्यक्ति की सामाजिक छवि को भी सुदृढ़ बनाता है।
इस मौके पर उनके साथ आए टीम सदस्यों में श्री अशोक कुमार, सहायक प्राध्यापक , सुश्री मनीषा सोनी, सहायक प्राध्यापिका तथा श्री मनोज कुमार, मार्केटिंग मैनेजर भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को व्यावहारिक जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। अपने अध्यक्षीय संबोधन में महाविद्यालय प्राचार्या श्रीमती अंशु उप्पल ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इन अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में डॉ. रमा सर्राफ एवं डॉ. नच्छत्तर का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्यों एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

