सिरसा 3 अप्रैल (आरएनएस)। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाकर उन्हें एक स्वस्थ और उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर करने के उद्देश्य से डबवाली पुलिस द्वारा नशा छोड़ें, खेलों से नाता जोड़ें अभियान के तहत विशेष पहल की जा रही है ।इस अभियान के अंतर्गत पुलिस टीमें क्षेत्र के खेल मैदानों, स्टेडियमों एवं ग्रामीण खेल परिसरों में पहुंचकर युवाओं से सीधा संवाद कर रही हैं और उन्हें नशे से दूर रहकर खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित कर रही हैं।इसी कड़ी में पुलिस टीमों द्वारा, गांव कालांवाली, गांव डबवाली, मंडी डबवाली, गांव औढ़ा, गांव चौटाला,गांव सिंहपुरा व गांव गंगा में वॉलीबॉल, क्रिकेट, कबड्डी और फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया गया।पुलिस टीमों ने युवाओं को जागरूक करते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, जबकि खेल अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं तथा जीवन को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं।इस दौरान खिलाडिय़ों के साथ संवाद करते हुए नशे के दुष्परिणामों और खेलों के लाभों की जानकारी दी गई । साथ ही नशा पीडि़त व्यक्तियों के उपचार, काउंसलिंग एवं पुनर्वास हेतु पुलिस द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही सहायता के बारे में भी अवगत कराया गया ।डबवाली पुलिस ने युवाओं से अपील की कि वे अपनी ऊर्जा को खेल, शिक्षा और रचनात्मक कार्यों में लगाएं तथा नशे से दूरी बनाकर स्वयं एवं समाज को सुरक्षित बनाएं । साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि नशा तस्करों और अवैध गतिविधियों में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी है।पुलिस ने आमजन, अभिभावकों और सामाजिक संगठनों से भी सहयोग की अपील की कि वे युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करें और नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।नशा तस्करी से संबंधित किसी भी सूचना को राष्ट्रीय नारकोटिक्स हेल्पलाइन 1933 या मानस पोर्टल के माध्यम से गोपनीय रूप से साझा किया जा सकता है। इसके अलावा नशा पीडि़त व्यक्तियों की सहायता हेतु नशा मुक्ति टीम के मोबाइल नंबर 9138999731 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

