सुल्तानपुर 3 अप्रैल (आरएनएस )। जनसेवा और मानवता की अनूठी मिसाल पेश करते हुए राष्ट्रीय सामाजिक सेवा संघ द्वारा संचालित नि:शुल्क रसोई के तहत गुरुवार को जिले के विभिन्न स्थानों पर 450 जरूरतमंदों को भोजन वितरित किया गया। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जिला चिकित्सालय और रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम में मरीजों, तीमारदारों, यात्रियों और असहाय लोगों को भोजन कराया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में नवागत मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अविनाश गुप्ता ने जरूरतमंदों को भोजन की थाली वितरित कर किया। उन्होंने संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कई वर्षों से संस्था द्वारा नि:स्वार्थ भाव से मरीजों और उनके तीमारदारों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जो अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक कार्य है। रेलवे स्टेशन परिसर में वरिष्ठ टिकट निरीक्षक परतेश्वर सिंह ने भोजन वितरण कर कार्यक्रम की शुरुआत कराई। इस दौरान बड़ी संख्या में जरूरतमंदों ने भोजन प्राप्त कर संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। संस्था के संस्थापक निजाम खान ने बताया कि यह सेवा कार्य पूरी तरह जनसहयोग से संचालित हो रहा है और प्रत्येक सप्ताह जरूरतमंदों को नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इस बार भोजन में अरहर की दाल, मौसमी सब्जी, रोटी और चावल वितरित किया गया। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज परिसर में 320 तथा रेलवे स्टेशन परिसर में 130 लोगों को भोजन कराया गया।
इस सेवा कार्य में जियाउल कमर सिद्दीकी, नफीसा बानो, हाजी मुज्तबा अंसारी, सरदार गुरुप्रीत सिंह, अब्दुल वदूद, आदिल हसन, यूसुफ पठान, बैजनाथ प्रजापति और माता प्रसाद जायसवाल सहित कई समाजसेवियों का विशेष सहयोग रहा। संस्था का यह अभियान न केवल जरूरतमंदों की भूख मिटा रहा है, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवता का संदेश भी प्रसारित कर रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

