बंगाल की सीएम ने पीएम को दी बहस की चुनौती
जगदीश यादव
माल्दा/ दक्षिण दिनाजपुर 3 अप्रैल (आरएनएस)। सीएम ममता का तूफानी चुनावी दौरा जारी है। इसी क्रम में उन्होंने आज दक्षिण दिनाजपुर जिले के हरिरामपुर व माल्दा जिले में चुनावी जनसभाओं से भाजपा नीत केन्द्र सरकार पर जमकर हमला बोला। माल्दा में सीएम ममता बनर्जी ने कहा कि अत्याचार ही भाजपा धर्म है। मनमानी और लोगों के अधिकार को छिनना ही उसका काम है। भाजपा को वोट कटवा करार देते हुए सीएम ममता ने कहा कि मुझे चार्जशीट देने वाले खुद ही 420 है। अभी माकपा करने वाले ही भाजपा हो गए है। बीजेपी काफी खतरनाक जहर है। सीएम ममता ने कहा कि पीएम मोदी को चुनौती दे रही हूं कि वह मेरे सामने बैठ कर मुद्दे पर बहस करे। मैन किसी से नहीं डरती। वहीं दक्षिण दिनाजपुर जिले के हरिरामपुर में आयोजित चुनावी सभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। अमित शाह के चुनाव से पहले राज्य में 25 दिन रहने की घोषणा पर कटाक्ष करते हुए ममता बनर्जी ने कहा कि यदि वह 25 दिन की जगह पूरे 365 दिन भी राज्य में रहें तो भी तृणमूल को कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लोग जितना उनका चेहरा देखेंगे, उतना ही भाजपा के वोट कम होंगे। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि उनके चेहरे पर अत्याचार और दंगों की छाप दिखाई देती है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा सीटों के पुनर्विन्यास के जरिए बंगाल को बांटने की साजिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि बिहार और पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों को मिलाकर अलग राज्य बनाने की योजना बनाई जा रही है। हालांकि उन्होंने विश्वास जताया कि 2026 के चुनाव में भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ेगा। ममता बनर्जी ने यह भी आशंका जताई कि मतदान के दिन केंद्रीय बलों का उपयोग कर मतदाताओं को मतदान से रोका जा सकता है। उन्होंने अपने दल के उम्मीदवारों को अति आत्मविश्वास से बचने की सलाह दी और कार्यकर्ताओं से क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखने को कहा। उन्होंने राज्य सरकार की सामाजिक योजनाओं का उल्लेख करते हुए मतदाताओं से सतर्क रहने की अपील की। माल्दा की हालिया घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले के आरोपित को राज्य की आपराधिक जांच शाखा ने गिरफ्तार किया है। उन्होंने दावा किया कि आरोपित महाराष्ट्र से आ रहा था और भाजपा के इशारे पर अशांति फैलाने की साजिश थी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी के पहुंचने से पहले ही बागडोगरा से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग एजेंसियों के माध्यम से लोगों से बैंक खाते की जानकारी मांग रहे हैं और पैसे देने का लालच दे रहे हैं। उन्होंने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि किसी को भी अपने बैंक खाते का विवरण नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस चुनाव में विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर जनता के बीच जा रही है और पार्टी को जनता का समर्थन मिलेगा। माल्दा में सीएम ने कहा कि चुनाव आयोग भाजपा को जिताने के लिए कुछ भी कर सकती है। तृणमूल के चुनावी प्रार्थियों का नाम बाद देने के लिए षडय़ंत्र रचा जा रहा है। लेकिन बंगाल सम्मान के साथ सिर उठाकर लड़ रहा है और लड़ेगा।

