ड्रमंडगंज, मीरजापुर 3 अप्रैल (आरएनएस)। क्षेत्र के दुर्जनीपुर गांव में बीते 13 मार्च को बाइक के धक्के से गंभीर रूप से घायल महिला की बीस दिन बाद उपचार के दौरान प्रयागराज स्थित एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। दुर्जनीपुर गांव निवासी महिला के पुत्र अम्वेश कुमार वैश्य ने शुक्रवार को बाइक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया।दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि बीते 13 मार्च की शाम मां कुसुमलता वैश्य घर से पूजा करने के लिए मंदिर जा रही थी। भदोही जिले के औराई थाना क्षेत्र के भगवतीदासपुर निवासी भुआल सिंह ने लापरवाही पूर्वक बाइक चलाते हुए मां को धक्का मार दिया। जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आ गई। उपचार हेतु मां को प्रयागराज स्थित पार्वती हास्पिटल में भर्ती कराया जहां 29 मार्च तक उपचार चला। बेहतर इलाज के लिए यश हास्पिटल प्रयागराज में भर्ती कराया जहां गुरुवार की रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बाइक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि मृतक महिला के पुत्र की तहरीर पर बाइक चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

