देहरादून,03 अपै्रल (आरएनएस)। सचिवालय सुपर लीग 2026 के पहले मैच में सचिवालय ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सचिवालय रॉयल स्ट्राइकर को 58 रनों से हराया, जबकि दूसरे मैच में सचिवालय माइटी इलेवन ने सचिवालय वॉरियर को पांच विकेट से पराजित किया। महाराणा प्रताप क्रिकेट ग्राउंड में शनिवार को प्रतियोगिता का आगाज हुआ। पहले मुकाबले में सचिवालय ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट के नुकसान पर 234 रन बनाए। सागर ने 87 और टीएच खान ने 42 रनों का योगदान दिया। जवाब में सचिवालय रॉयल स्ट्राइकर की टीम 8 विकेट पर 176 रन ही बना सकी। प्रदीप आगरी ने 57 और नीरज गिरी ने 43 रन बनाए। सचिवालय ए की ओर से राहुल जेटली ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके। राहुल जेटली को मैन ऑफ द मैच चुना गया।दूसरे मैच में सचिवालय वॉरियर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 14 ओवर में 91 रन पर पूरी टीम गंवा दी। राजीव तडिय़ाल ने 21 और पवन असवाल ने 18 रन बनाए। माइटी इलेवन की ओर से संतोष पांडे ने 4 विकेट, जबकि चंदू पुरोहित और अंकित नौटियाल ने 3-3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करते हुए माइटी इलेवन ने 13 ओवर में 5 विकेट खोकर मैच जीत लिया। अरविंद दानू ने 37 रन बनाए। संतोष पांडे को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।इससे पूर्व उत्तराखंड कोऑपरेटिव फेडरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एके शुक्ल ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। मौके पर महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के प्रधानाचार्य राजेश ममगाईं, क्लब अध्यक्ष अनिल नेगी, सचिव विनोद शर्मा, संयुक्त सचिव प्रदीप आगरी, मीडिया प्रभारी प्रियांशु आहूजा सहित पूरी कार्यकारिणी उपस्थित रही।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

