अल्मोड़ा,03 अपै्रल (आरएनएस)। जिले में महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर क्षेत्र पाण्डेखोला में पुलिस ने लोगों को डिजिटल ठगी और नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में लोगों को साइबर अपराधों जैसे फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड और डिजिटल ठगी से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर भी जोर देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या व्यक्ति पर तुरंत विश्वास न करें और अपनी व्यक्तिगत व बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें। पुलिस टीम ने यातायात नियमों का पालन करने, नाबालिगों को वाहन न देने और सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद करने के लिए भी प्रेरित किया। साथ ही आपातकालीन सेवा 112, साइबर हेल्पलाइन 1930, महिला हेल्पलाइन 1090 और आपदा हेल्पलाइन 1070 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान स्थानीय पार्षद अमित शाह मोनू, अभिषेक जोशी, ज्योति शाह सहित बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी जारी रहेंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

