चमोली,03 अपै्रल (आरएनएस)। नगर क्षेत्र के समीप ग्वीलों गांव के चीड़ के जंगलों में शुक्रवार को अचानक आग भड़क उठी। वन विभाग और फायर सर्विस की टीमों ने एक घंटे में आग बुझा दी। गनीमत रही समय रहते आग बुझा दी गई नहीं तो आग आसपास स्थित आवासीय भवनों तक पहुंच सकती थी। शुक्रवार को पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे जंगल में अचानक आग लग गई। जंगल की आग जब तेजी से फैलने लगी तो स्थानीय लोगों में अफरातफरी मच गई। आग आवासीय क्षेत्र की ओर बढ़ रही थी। ग्रामीणों ने तुरंत प्रशासन और अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की गोपेश्वर और अलकनंदा वन प्रभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। अलकनंदा वन प्रभाग के रेंज अधिकारी डबल सिंह खाती ने बताया कि दोनों विभागों ने समन्वय बनाकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझा दी। नपा सभासद दीपक बिष्ट का कहना है कि जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है ताकि भविष्य में ऐसी स्थितियों से बचा जा सके।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

