दुराचार की कोशिश का भी आरोप, पति सहित कई नामजद
प्रयागराज 3 अप्रैल (आरएनएस)। सिविल लाइन क्षेत्र में एक विवाहिता ने पति, ससुर, जेठ समेत ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करायी है। पीडि़ता का आरोप है कि उससे जबरन अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डाला गया, विरोध करने पर मारपीट की गई और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल किया गया।
पीडि़ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह बतौर स्वास्थ्यकर्मी है। उसकी शादी 29 फरवरी 2024 को आशीष कनौजिया के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष की ओर से लाखों रुपये खर्च किए गए थे। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष का व्यवहार बदल गया और उस पर ससुर व जेठ के साथ संबंध बनाने का दबाव बनाया जाने लगा। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी।
पीडि़ता का यह भी आरोप है कि मम्फोर्डगंज स्थित ससुराल में एक दिन सास और ननद ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद ससुर और जेठ ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म की कोशिश की। चचिया श्वसुर मुन्ना पर भी आरोप है। किसी तरह वह खुद को बचाकर बाहर निकली।
इसके बाद पति ने उसका कपड़े बदलते समय अश्लील वीडियो बना लिया और उसे वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाने लगा। आरोप है कि पति जबरन अप्राकृतिक संबंध भी बनाता था।
आरोप है कि दो अप्रैल को वह कार्यालय में थी, तभी मोबाइल से घर का दृश्य देखने पर उसे पता चला कि कुछ लोग घर का सामान उठा रहे हैं। घर पहुंचने पर उसने देखा कि ससुराल पक्ष के लोग फर्नीचर, टीवी, प्रिसज, वाशिंग मशीन व जेवर समेत लाखों का सामान वाहन में लाद रहे थे। विरोध करने पर आरोप है कि उसका मोबाइल छीन लिया गया, बच्चे को उससे अलग कर दिया गया और उसे घसीटकर मारपीट की गई। यहां तक कि गला दबाकर जान से मारने की कोशिश भी की गई। पीडि़ता का कहना है कि मौके पर मौजूद कई लोग थे और सभी ने मुंह ढका हुआ था।
घटना के बाद उसे घर से बाहर निकालकर ताला बंद कर दिया गया। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, लेकिन पीडि़ता का आरोप है कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। पीडि़ता ने सिविल लाइंस पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

