रांची 3 अप्रैल (आरएनएस)। टर्किश एयरलाइंस ने अपने वैश्विक नेटवर्क का विस्तार करते हुए रोमानिया के टिमिशोआरा शहर के लिए नई उड़ान सेवा शुरू की है, जिससे अंतरराष्ट्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूती मिली है। यह उड़ानें सप्ताह में पांच दिन संचालित होंगी और इसके साथ ही देश में कुल साप्ताहिक उड़ानों की संख्या बढ़कर 47 हो गई है। इस नई सेवा की शुरुआत टिमिशोआरा ट्रायन वुइया इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आयोजित एक समारोह के साथ की गई, जिसमें एयरलाइन और एयरपोर्ट के अधिकारी शामिल हुए। कंपनी के सीईओ बिलाल एक्शी ने कहा कि रोमानिया पूर्वी यूरोप का एक महत्वपूर्ण बाजार है और यह नई सेवा यात्रियों को इस्तांबुल के माध्यम से वैश्विक नेटवर्क से बेहतर जोड़ती है, जिससे यात्रा के अधिक विकल्प उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि इस पहल से व्यापार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। इसका लाभ भारत के साथ-साथ झारखंड जैसे राज्यों के यात्रियों को भी मिलेगा, जो अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए बेहतर कनेक्टिविटी की तलाश में रहते हैं। टिमिशोआरा, जिसे ‘लिटिल वियनाÓ कहा जाता है, अपनी ऐतिहासिक विरासत, बहुसांस्कृतिक पहचान और प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में जाना जाता है तथा वर्ष 2023 में इसे यूरोपियन कैपिटल ऑफ कल्चर भी चुना गया था। इसके साथ ही यह शहर व्यापारिक गतिविधियों के लिए भी तेजी से उभर रहा है। एयरलाइन के अनुसार नई उड़ानों से यात्रियों को अधिक लचीलापन और बेहतर यात्रा विकल्प मिलेंगे। कंपनी अपने वैश्विक नेटवर्क को और मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। यह सेवा अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी और आने वाले समय में ऐसे और नए रूट शुरू किए जा सकते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

