(कोलकाता)माल्दा हिंसा का मास्टरमाइंड बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार
कोलकाता/माल्दा 3 अप्रैल (आरएनएस)। पश्चिम बंगाल की सीआईडी ने कालियाचक उपद्रव के प्रमुख आरोपी मोफक्करुल इस्लाम को हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। कतिथ तौर पर आरोपी नेता ने चुनावी अनुभव और कानूनी विशेषज्ञता का उपयोग कर अशांति फैलाने की योजना बनाई थी। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र में हिंसा के पीछे सक्रिय राजनीतिक गठजोड़ बेनकाब हुआ है। पुलिस और केंद्रीय एजेंसिया सघन तलाशी अभियान चला रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार सुबह गुप्त सूचना के आधार पर बागडोगरा एयरपोर्ट पर सीआईडी और स्थानीय पुलिस ने छापेमारी कर मामले के मुख्य आरोपित पेशे से वकील मोफक्केरुल इस्लाम को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मोफक्केरुल इस्लाम कोलकाता से बागडोगरा पहुंचने के बाद अलीपुरद्वार जाने की तैयारी में था। पहले से मिली सूचना के आधार पर एयरपोर्ट पर सादी वर्दी में पुलिस तैनात थी और विमान से उतरते ही उसे हिरासत में ले लिया गया।अधिवक्ता और ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के नेता मोफक्करुल इस्लाम को बागडोगरा से ट्रांजिट रिमांड पर माल्दा ले आया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित एआईएमआईएम के नेता मोफक्करुल इस्लाम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह एक वकील के रूप में केस के सिलसिले में जा रहा था। उसने कहा कि आंदोलन को उसका नैतिक समर्थन है लेकिन, न्यायिक अधिकारियों को घेरने की घटना में उसका कोई हाथ नहीं है। इस मामले में अब राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) भी सक्रिय हो गई है। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद एनआईए की टीम मालदा पहुंचकर जांच करेगी कि यह पूरी घटना किसी साजिश का हिस्सा थी या नहीं।
आरोपित के मोबाइल और बयान के आधार पर पूरे मामले के मास्टरमाइंड की तलाश की जाएगी। गौरतलब है कि मोफक्केरुल इस्लाम को पहले भी कालियाचक में एक भीड़ के सामने भाषण देते देखा गया था, जिसे कथित तौर पर भड़काऊ माना गया। आरोप है कि इसी के बाद भीड़ ने सात न्यायिक अधिकारियों को घेर लिया था। इस गिरफ्तारी के बाद प्रशासन को कुछ राहत मिली है, लेकिन जांच में और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

