नई दिल्ली,05 अपै्रल (आरएनएस)। आम आदमी पार्टी में जारी अंदरूनी खींचतान के बीच राघव चड्ढा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नया वीडियो जारी कर सियासी तापमान बढ़ा दिया है. राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने के बाद सामने आए इस वीडियो में राघव चड्ढा ने साफ संदेश दिया यह एक छोटा सा ट्रेलर है…पिक्चर अभी बाकी है.
राघव चड्ढा ने अपने एक्स अकाउंट पर वीडियो साझा करते हुए पार्टी के उन नेताओं को जवाब दिया, जिन्होंने उन पर संसद में पंजाब के मुद्दे न उठाने का आरोप लगाया था. उन्होंने लिखा कि कुछ साथियों को मजबूर होकर उनके खिलाफ बयान देना पड़ा, लेकिन अब वह खुद अपने काम का ट्रेलर दिखा रहे हैं.
वीडियो में चड्ढा ने भावुक अंदाज में कहा, पंजाब मेरे लिए कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है. यह मेरा घर है, मेरा फर्ज है, मेरी मिट्टी और मेरी आत्मा है. इस बयान के जरिए उन्होंने अपनी निष्ठा पर उठे सवालों को खारिज करने की कोशिश की और साफ किया कि वह हमेशा पंजाब के हितों के लिए खड़े रहेंगे. राघव चड्ढा ने अपने वीडियो में राज्यसभा में उठाए गए कई मुद्दों को गिनाया. उन्होंने पाकिस्तान में स्थित गुरुद्वारों श्री करतारपुर साहिब, श्री पंजा साहिब और श्री ननकाना साहिब के लिए कॉरिडोर बनाने की मांग का जिक्र किया, ताकि श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकें. इसके साथ ही उन्होंने किसानों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को लागू करने और फसलों के लिए न्यूनतम रिजर्व प्राइस तय करने की जरूरत बताई.
वीडियो में राघव चड्ढा ने पंजाब के गंभीर हालात पर भी चिंता जताई. उन्होंने बताया कि राज्य में भूजल स्तर 500-600 फीट तक गिर चुका है. साथ ही, भटिंडा से बीकानेर जाने वाली ट्रेन का जिक्र करते हुए कहा कि यह ट्रेन व्यापारियों के लिए नहीं, बल्कि कैंसर मरीजों के इलाज के लिए जीवनरेखा बन चुकी है. उन्होंने प्रदूषण के मुद्दे पर भी कहा कि यह सिर्फ दिल्ली नहीं, बल्कि पूरे उत्तर भारत की समस्या है और इसका दोष केवल किसानों पर डालना गलत है. राघव चड्ढा ने केंद्र सरकार पर पंजाब के हजारों करोड़ रुपये के फंड रोकने का आरोप लगाया. उन्होंने ग्रामीण विकास फंड, मंडी डेवलपमेंट फंड, नेशनल हेल्थ मिशन और शिक्षा से जुड़े फंड का जिक्र करते हुए कहा कि ये पैसे राज्य को तुरंत जारी किए जाने चाहिए. वीडियो में उन्होंने शहीद-ए-आजम भगत सिंह को भारत रत्न देने, महाराजा रणजीत सिंह के शाही सिंहासन को वापस लाने और आनंदपुर साहिब को हेरिटेज सिटी का दर्जा देने की मांग भी दोहराई. इसके अलावा, उन्होंने पंजाब के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डों पर सीमित उड़ानों को लेकर भी सवाल उठाए और कहा कि इन्हें वास्तविक रूप से अंतरराष्ट्रीय बनाया जाना चाहिए. राघव चड्ढा ने कहा, पंजाब किसी से भीख नहीं मांग रहा, पंजाब न्याय मांग रहा है. उनका यह वीडियो ऐसे समय में आया है जब आम आदमी पार्टी के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं. ऐसे में चड्ढा का यह बयान आने वाले दिनों में पार्टी की राजनीति पर बड़ा असर डाल सकता है.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

