जगदलपुर,05 अप्रैल( आरएनएस)। बस्तर जिले में खेल एवं फिटनेस को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिनांक 22 मार्च 2026 को बस्तर हैरिटेज मैराथन 2026 का सफल आयोजन किया गया। यह दौड़ प्रतियोगिता लालबाग मैदान, जगदलपुर से चित्रकोट जलप्रपात तक आयोजित की गई, जिसमें देश-विदेश के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रतियोगिता के अंतर्गत विभिन्न श्रेणियों में दौड़ आयोजित की गई, जिनमें 42 कि.मी. (महिला एवं पुरुष तथा ओपन वर्ग), 21 कि.मी. (महिला एवं पुरुष तथा ओपन वर्ग), 10 कि.मी. (महिला एवं पुरुष तथा ओपन वर्ग), तथा 5 कि.मी. (सब-जूनियर, जूनियर एवं सीनियर महिला एवं पुरुष वर्ग) शामिल रहे।सभी वर्गों में विजेता घोषित भारतीय एवं विदेशी प्रतिभागियों को पुरस्कार राशि का वितरण किया गया। विदेशी प्रतिभागियों को देय पुरस्कार राशि का भुगतान उनकी सहमति के अनुसार दिनांक 25 मार्च 2026 को किया गया, जिसमें आयकर अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कटौतियाँ की गईं।इसी प्रकार, भारतीय विजेता प्रतिभागियों को शेष राशि का भुगतान दिनांक 04 अप्रैल 2026 को उनके बैंक खातों में किया गया, जिसमें आयकर अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कटौतियाँ की गईं।कटौती की गई समस्त कर राशि शासन के खजाने में विधिवत जमा कर दी गई है।उक्त प्रतियोगिता में 130 प्रतिभागी विजेता घोषित हुए जिसमें विदेशी प्रतिभागी 19 थे जिनमें सभी को पूर्ण राशि भुगतान कर दी गई है। भारतीय 111 विजेता प्रतिभागियों में से 105 प्रतिभागियों से खाता क्रमांक प्राप्त करके उन्हे भुगतान किया गया है, शेष 6 प्रतिभागियों से खाता क्रमांक प्राप्त करने की कार्यवाही की जा रही हैं। यह आयोजन बस्तर जिले में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ ।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

