रुड़की 5 अप्रैल (आरएनएस)। भगवानपुर के लव्वा गांव में अवैध खनन के विरोध में ग्रामीणों ने हंगामा कर जेसीबी और डंपर रोक दिए। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन ने खनन कार्य को फिलहाल बंद कराकर जांच शुरू कर दी है। रविवार सुबह क्षेत्र के गांव लव्वा में जेसीबी लगाकर खनन कार्य चल रहा था। इसके बाद ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर खनन को रुकवाते हुए हंगामा खड़ा कर दिया। साथ ही डंपर और जेसीबी को भी मौके पर ही रोक लिया। सूचना पर पहुंचे मंडावर चौकी प्रभारी आशीष नेगी ने ग्रामीणों से वार्ता की। जिसमें ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि परमिशन के बिना मिट्टी उठाई जा रही है। इस मिट्टी के उठाए जाने से 300 मीटर की दूरी पर बसा गांव भी अब नदी के किनारे आ गया है। इसके साथ ही किसानों के खेतों में भी कटाव होने लगा है। इस दौरान हंगामे की सूचना पर खनन अधिकारी और एसडीएम भी मौके पर पहुंचे। वहीं घटना की जानकारी मिलने पर भगवानपुर विधायक ममता राकेश भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि गांव से सटकर नदी जा रही है। इससे पहले यहां पर वर्ष 2023 में भी पेचिंग कार्य किए गए थे। उप जिला अधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि इसके लिए एक टीम गठित की गई है। टीम नाप तोलकर जांच कर रिपोर्ट प्रेषित करेगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

