रुड़की 5 अप्रैल (आरएनएस)। मंगलौर के गंगनहर पुल के पास तीन बदमाशों ने एक खिलौना विक्रेता (सेल्समैन) को निशाना बनाते हुए उससे नकदी और दस्तावेज लूट लिए। लूटपाट के बाद बदमाश फरार हो गए। पीडि़त ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पीडि़त की तहरीर पर लूट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम कुरड़ी निवासी श्याम कुमार शनिवार की देर शाम मंगलौर सिटी गार्डन क्षेत्र में दिनभर खिलौने बेचने के बाद अपने घर वापस लौट रहा था। जैसे ही वह गंगनहर पुल के समीप पहुंचा, पीछे से आए तीन बदमाशों ने उसे दबोच लिया। बदमाशों ने उसके साथ हाथापाई और छीना-झपटी की। इस दौरान बदमाशों ने पीडि़त की जेब में रखे करीब 2500 रुपये लूट लिए। इसके अलावा बदमाश उसका आधार कार्ड भी छीन ले गए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश में कांबिंग की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर बदमाशों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर भगवान महर ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

