रुड़की 5 अप्रैल (आरएनएस)। आर्य समाज ढंढेरी ख्वाजगीपुर में रविवार को पूर्व ग्राम प्रधान विकास सैनी की चौपाल पर एक दिवसीय वार्षिक उत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञ के साथ हुआ। इस दौरान लोगों को वेदों की ओर लौटने का आह्नान किया गया। वार्षिकोत्सव में सबसे पहले यज्ञ किया गया। इसमें यज्ञमान के रूप में संजय सैनी एवं उनकी धर्मपत्नी शशि सैनी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ग्रामवासियों और आर्य समाज के पदाधिकारियों ने यज्ञ में आहुतियां देकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम का संचालन जिला आर्य उप प्रतिनिधि सभा हरिद्वार के प्रधान हरपाल सिंह सैनी ने किया।वार्षिक उत्सव के दौरान भजनोपदेशक ब्रह्मानंद गौतम, चेतराम एवं ओमपाल आर्य (ढोलकवादक) ने ईश्वर भक्ति, सामाजिक समरसता और देशभक्ति से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े गीतों ने भी लोगों में उत्साह का संचार किया। कार्यक्रम में आर्य समाज के विद्वान संदीप वेदालंकार ने ओजस्वी वक्तव्य देते हुए वेदों के अध्ययन और उनके प्रचार-प्रसार पर बल दिया। उन्होंने कहा कि वैदिक संस्कृति को अपनाकर ही समाज में नैतिक मूल्यों की स्थापना संभव है। उन्होंने लोगों से वेदों की ओर लौटने का आह्वान भी किया। इस मौके पर ढंढेरी के प्रधान विधिराम सैनी, ऋषिपाल आर्य, ब्रह्मानंद, बाबूराम सैनी, गौतम आर्य, जगपाल सिंह, वेदपाल, पवन कुमार, निर्देश आर्य, वीरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

