ऋषिकेश 5 अप्रैल (आरएनएस)। तीर्थनगरी ऋषिकेश में वीकेंड पर ट्रैफिक जाम संकट बन चुका है। रविवार को भी पर्यटक वाहनों के दबाव से शहर की सड़कों पर हालात बेकाबू रहे। ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए तैयार किया गया यातायात प्लान बेअसर रहा। दोपहर 12 बजे के बाद हरिद्वार बाईपास से लेकर गलियां जाम में जकड़ उठीं। इससे दिनभर मुसाफिर जाम से जूझते रहे। वीकेंड पर रविवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब समेत अन्य जगहों से बड़ी संख्या में पर्यटक ऋषिकेश पहुंचे। इसके चलते सड़कों पर पर्यटक वाहनों का दबाव बढऩे से सड़कें जाम में जकड़ उठीं। इसकी वजह से हरिद्वार बाईपास मार्ग पर एआरटीओ कार्यालय से लेकर इंद्रमणि बडोनी चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम से बचने के लिए कई वाहन चालक गूगल मैप के सहारे शहर की तंग गलियों में घुस गए, जिससे स्थानीय लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो गया। हालात इतने खराब रहे कि मुख्य मार्गों पर सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक ट्रैफिक रेंगता रहा। जयराम आश्रम तिराहा, घाट चौक, दून तिराहा और चंद्रभागा पुल तिराहे पर वाहन इंच-इंच आगे बढ़ते दिखे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

