उत्तरकाशी 5 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद मुख्यालय में दोपहर बाद हुई बारिश के कारण बस अड्डे के मुख्य पेट्रोल पंप और ज्ञानसू में जलभराव हो गया। गंगोत्री हाईवे पर तालाब जैसी स्थिति बनने के कारण पैदल आवाजाही सहित दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बीआरओ और नगरपालिका की ओर से सड़कों की नालियों को साफ करने के दावे किए गए लेकिन बारिश ने ड्रेनेज सिस्टम की पोल खोल दी। रविवार को दोपहर बाद जनपद में करीब एक से डेढ़ घंटे मूसलाधार बारिश हुई। इससे जगह-जगह सड़कों पर जलभराव हो गया। साथ ही नगर के संपर्क मार्गों पर भी नालियां बंद होने के कारण बारिश का पानी सड़कों पर बहने से लोगों को आवाजाही में खासी दिक्कत झेलनी पड़ी। स्थानीय निवासी जयबीर सिंह, संदीप चौहान ने बताया कि बस अड्डे के पेट्रोल पंप सहित ज्ञानसू में गंगोत्री हाईवे पर जगह-जगह जलभराव होने के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, कई स्थानों पर लोगों ने भी नालियों को बंद कर दिया है। पालिका और बीआरओ की ओर से चारधाम यात्रा से पहले सभी नालियों को साफ करने के दावे किए थे लेकिन एक बरसात ने ड्रेनेज सिस्टम के दावों की हकीकत बयां कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब अभी यह स्थिति है तो आने वाल बरसात में सड़कें पानी के बीच में नजर नहीं आएंगी। कहा कि नगर क्षेत्र के लिए योजनाबद्ध तरीके से ड्रेनेज सिस्टम पर कार्य होना चाहिए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

