उना 06 April, (Rns)- हिमाचल प्रदेश के उना जिले से एक बेहद संवेदनशील और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक छोटी बच्ची को अमरूद तोड़ने की मामूली गलती पर अमानवीय सजा दी गई। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोगों में भारी आक्रोश है।
वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्ची बार-बार आरोपी से रहम की गुहार लगाती रही, लेकिन पूर्व सैनिक ने उसके हाथ-पांव बांधकर बेरहमी से पिटाई की। बच्ची “अंकल बचा लो” कहकर चीखती रही, लेकिन आरोपी का दिल नहीं पसीजा।
छोटी सी गलती पर क्रूर सजा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना बेहड़ाला गांव की है। बच्ची ने रास्ते से गुजरते समय किसी के घर के बाहर लगे पेड़ से अमरूद तोड़ लिया था। इसी बात पर आरोपी भड़क उठा और बच्ची को पकड़कर अपने घर ले गया, जहां उसे रस्सी से बांधकर पीटा गया। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर बच्ची को छुड़ाया। किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।
प्रशासन हरकत में, आरोपी गिरफ्तार
वीडियो सामने आने के बाद जिला प्रशासन और पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट (JJ Act) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बच्ची ने घर के आंगन में लगे फलदार पेड़ से अमरूद तोड़ा था, जिसकी शाखाएं सड़क की ओर फैली हुई थीं। इस पर घर के मालिक ने उसे पकड़कर बांध दिया और मारपीट की।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस तरह का कृत्य न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि मानवीय मूल्यों के भी खिलाफ है। किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं है, खासकर नाबालिग बच्चों के साथ इस प्रकार का व्यवहार पूरी तरह अस्वीकार्य है। जिला पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी घटना की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।

