सिरसा 6 अप्रैल (आरएनएस)। आज जब युवा पीढ़ी नशे की दलदल में फंसकर अपना भविष्य अंधकारमय कर रही है, ऐसे समय में हारे का सहारा चैरिटेबल ट्रस्ट और सिरसा स्पोर्ट एंड फिटनेस फाउंडेशन ने खेल के मैदान से नशे के विरुद्ध एक निर्णायक जंग का बिगुल फूंक दिया है। गाँव रंगड़ी खेड़ा के खेल मैदान में आयोजित ‘माता सुशीला देवी कबड्डी टूर्नामेंटÓ महज एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ एक ‘महा-अभियानÓ के रूप में उभरा। टूर्नामेंट का उद्घाटन करते हुए ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रोफेसर गणेशी लाल व मनीष सिंगला ने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा नशे की गलियों में बर्बाद करने के बजाय खेल के मैदान में लगाएं। उन्होंने इस आयोजन को समाज के लिए एक “संजीवनी” बताया। कार्यक्रम में उपस्थित हरियाणा बीज विकास निगम के अध्यक्ष देव कुमार शर्मा और अन्य गणमान्य अतिथियों ने स्पष्ट किया कि खेल ही वह एकमात्र माध्यम है जो युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से इतना मजबूत बना सकता है कि वे नशे जैसी बुराइयों को जड़ से उखाड़ फेंकें। इस कबड्डी महाकुंभ में 21 टीमों ने हिस्सा लेकर यह साबित कर दिया कि सिरसा के युवाओं के रगों में आज भी खेल का जुनून दौड़ रहा है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान 19 रोमांचक मैच खेले गए, जहाँ खिलाडिय़ों ने नशे के खिलाफ एकजुटता दिखाई। झाँसल की टीम ने अपने अदम्य साहस और कौशल के दम पर प्रथम स्थान हासिल कर खिताब अपने नाम किया। सिरसा स्पोर्ट एंड फिटनेस फाउंडेशन की टीम ने कड़ी चुनौती पेश करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गंगा की टीम प्रतियोगिता में तीसरे स्थान पर रही। गाँव रंगड़ी खेड़ा के सरपंच प्रतिनिधि अंग्रेज सिंह और उनकी पंचायत समिति के साथ-साथ सिरसा स्पोर्ट एंड फिटनेस फाउंडेशन के प्रधान कुलदीप सिंह ने इस आयोजन के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया कि यदि गाँव और सामाजिक संस्थाएँ ठान लें, तो नशे को गाँव की सीमा से बाहर रखा जा सकता है। सभी ने एक स्वर में कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल प्रतिभाएँ निखरती हैं, बल्कि समाज में व्याप्त सामाजिक बुराइयों का भी अंत होता है। मनीष सिंगला ने यह भी कहा कि रंगड़ी खेड़ा का यह खेल मैदान इस टूर्नामेंट का ऐसा गवाह बना, यहाँ से उठी नशे के खिलाफ यह गूँज पूरे सिरसा जिले के युवाओं के लिए एक नई प्रेरणा बनेगी। सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को क्षेत्रवासियों ने बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएँ दीं। इस मौके पर लक्ष्य सिंगला, हरियाणा बीज विकास निगम के अध्यक्ष भाई देव कुमार शर्मा, पूर्व जिला अध्यक्ष अमीरचंद मेहता, भाई सागर केहरवाला, सिरसा मार्केट कमेटी के अध्यक्ष इंद्रपाल जांगड़ा, जिला महामंत्री अंबर जी, सीएम एमिनेंट पर्सन विष्णु शर्मा ,प्रियंका बोमरा, कौशल्या वर्मा, जेपिका तागड़ा, इंद्रजीत खुराना, पविकांत मित्तल, निजी सचिव हरपिंदर , योगेश बिज़ारनिया, ओमप्रकाश कथूरिया, प्रयाग सोनी, डॉक्टर अनूप जिंदल, ग्रामीण मंडल के अध्यक्ष भाई रोहतास पलथानिया,सुभाष बांदर, पृथ्वी जोशी, योगेश गर्ग, संदीप भाटिया, मनीष जिंदल, हर्ष खुराना, डॉक्टर संजीव अग्रवाल, सावरमल गुज्जर, बलवंत शैली ,आनंद रावत, नगर पार्षद भाई सुशील सैनी, मुकेश रोहिल्ला, अनू मल्होत्रा उपस्थित थे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

