सिरसा 9 अप्रैल (आरएनएस)। आधुनिकता के इस दौर में जहां मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग तेजी से बढ़ा है, वहीं साइबर अपराधों में भी लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है । आमजन को इन साइबर ठगी से बचाने के उद्देश्य से सिरसा पुलिस द्वारा एक विशेष एडवाइजरी जारी कर लोगों को जागरूक किया गया है । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने बताया कि साइबर अपराधी रोज नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं । खासकर वे लोग जो अपनी नौकरी से असंतुष्ट हैं या जल्दी पैसा कमाने की चाह रखते हैं, आसानी से ठगों का शिकार बन जाते हैं । उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बुजुर्गों के अलावा गृहणियां और युवा वर्ग भी साइबर अपराधियों के निशाने पर हैं । साइबर ठग लोगों को फर्जी लिंक भेजकर लॉटरी खरीदने,सोशल मीडिया साइट पर यूट्यूब वीडियो लाइक करने के बदले ऑनलाइन पैसे कमाने का झांसा देकर बेवकूफ बना रहे है । शुरुआत में ठग लोगों को छोटे-छोटे भुगतान कर उनका विश्वास जीत लेते हैं, जिसके बाद उन्हें टेलीग्राम एप्प से जोड़कर फर्जी टास्क दिए जाते हैं । इन टास्क को पूरा करने पर बड़ी रकम का लालच दिखाया जाता है। जब व्यक्ति उस रकम को निकालने का प्रयास करता है,तो उससे कमीशन या अन्य शुल्क मांगा जाता है और यहीं से ठगी की शुरुआत हो जाती है। कुछ समय बाद ठग अपना टेलीग्राम अकाउंट डिलीट कर फरार हो जाते हैं । इसके अलावा, गूगल पर कस्टमर केयर नंबर सर्च करने के दौरान भी कई लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं । साइबर अपराधी फर्जी नंबर डालकर लोगों को कॉल करने के लिए प्रेरित करते हैं। इसके बाद वे लिंक भेजकर या कोई एप्प डाउनलोड करवाकर फोन की पूरी जानकारी हासिल कर लेते हैं । ऐसे मामलों में ठगों को ओटीपी की भी आवश्यकता नहीं पड़ती, क्योंकि वे सीधे आपके फोन की स्क्रीन देख सकते हैं और आपके बैंक खाते से पैसे निकाल सकते हैं।पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपने फोन पर प्राप्त ओटीपी को किसी के साथ साझा न करें । उन्होंने कहा कि ऑनलाइन शॉपिंग करते समय लेन-देन की अधिकतम सीमा कम रखें तथा इसके लिए अलग बैंक खाता उपयोग में लाएं। बैंक में रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर को सार्वजनिक रूप से साझा न करें और बैंकिंग कार्यों के लिए अलग नंबर का इस्तेमाल करें । उन्होंने यह भी सलाह दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर अपने मोबाइल में थर्ड पार्टी एप्प डाउनलोड न करें । कस्टमर केयर नंबर हमेशा संबंधित कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें। साथ ही, अपने ऑनलाइन शॉपिंग अकाउंट के पासवर्ड हर एक या दो सप्ताह में बदलते रहें, ताकि सुरक्षा बनी रहे । पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी हो जाती है, तो उसे तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करना चाहिए या नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करानी चाहिए । समय पर शिकायत करने से पैसे की रिकवरी की संभावना बढ़ जाती है। सिरसा पुलिस ने एडवाजरी में आमजन से सतर्क रहने और साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

