डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन भूपेश मेहता ने प्रस्तुत किया वार्षिक उपलब्धियों का विवरण
सिरसा 9 अप्रैल (आरएनएस)। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3090 ने आगरा में तीन दिवसीय भव्य जिला सम्मेलन रोटरी महोत्सव टूगेदर वी सेलिब्रेट का सफल आयोजन किया जिसमें रोटेरियंस ने भरपूर सेलिबे्रट किया। त्रिदिवसीय सम्मेलन की मेजबानी रोटरी क्लब सिरसा चैंपियंस एवं रोटरी क्लब सिरसा डिवाइन द्वारा की गई, जिसमें पूरे डिस्ट्रिक्ट से आए रोटेरियंस की सक्रिय भागीदारी रही। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन भूपेश मेहता के दूरदर्शी एवं प्रेरणादायी नेतृत्व में आयोजित यह महोत्सव नेतृत्व, मैत्री और सेवा भावना का एक अद्भुत संगम बना। सम्मेलन ने उपलब्धियों की समीक्षा, विचारों के आदान-प्रदान और सतत सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करने का कार्य किया। सम्मेलन का शुभारंभ पारंपरिक तिलक एवं स्वागत के साथ हुआ, जिसमें भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई दी। उद्घाटन सत्र में सभी उपस्थितजनों को स्वामी दिव्यानंद महाराज का आशीर्वाद प्राप्त हुआ तथा आरआई प्रेसिडेंट्स रिप्रेजेंटेटिव पीडीजी रोटेरियन जयश्री मोहंती सहित अनेक वरिष्ठ रोटरी नेताओं एवं काउंसिल ऑफ गवर्नर्स की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के पहले दिन कॉलर सेरेमनी, दीप प्रज्जवलन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और प्रेरणादायी उद्बोधन शामिल रहे। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन भूपेश मेहता ने अभिनव प्रस्तुति के माध्यम से पूरे वर्ष की उपलब्धियों का प्रभावशाली विवरण प्रस्तुत किया। विभिन्न प्रेरक सत्रों, आध्यात्मिक प्रवचनों और रोचक गतिविधियों के साथ भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। दूसरे दिन ज्ञानवद्र्धक सत्रों, पैनल चर्चाओं और सम्मान समारोहों का आयोजन किया गया। विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित वक्ताओं जिनमें वरिष्ठ रोटरी नेता, समाजसेवी, स्वास्थ्य विशेषज्ञ एवं कलाकारों ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं की विशेष पैनल चर्चा काफी प्रभावशाली रही जिसमें मुख्य बिंदु रोटरी के लिए और क्या किया जा सकता है? विषय रहा। इस दिन उत्कृष्ट कार्य करने वाले रोटेरियंस को सम्मानित किया गया। इस दौरान हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल व एस.पी. सिंह बघेल मुख्य रूप से शामिल हुए जिन्होंने अपने प्रेरणादायी संबोधनों में रोटरी के सेवा कार्यों को सराहा। तीसरे व अंतिम दिन मुख्य आकर्षण वॉक विद डीजी शांति रैली रही, जो होटल ताज से विश्व प्रसिद्ध ताजमहल तक निकाली गई। डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन भूपेश मेहता एवं प्रथम महिला रोटेरियन मधु मेहता के नेतृत्व में तथा पीडीजी रोटेरियन जयश्री मोहंती द्वारा ध्वजारोहण के साथ प्रारंभ हुई इस रैली ने शांति, सद्भावना और वैश्विक एकता का संदेश दिया। सम्मेलन के समापन पर कांफ्रेंस चेयरमैन रोटेरियन भूपेंद्र गाबा, कांफ्रेंस सेक्रेटरी रोटेरियन अनन्य मेहता, सहअध्यक्ष रोटेरियन सुरेश गोयल एवं रोटेरियन राजेंद्र जिंदल, होस्ट क्लब्स एवं समस्त आयोजन टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

