नईदिल्ली ,06 अपै्रल (आरएनएस)। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में भी मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहे हैं। लगातार सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण अंधड़, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल रही है। इसके अलावा पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं हो रही हैं। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने 7-8 अप्रैल को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है।
उत्तर प्रदेश में लखनऊ, कानपुर, झांसी, सहारनपुर और अलीगढ़ में भारी बारिश और 50-60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है और ओले गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में पटना, गया, भोजपुर और चंपारण जैसे इलाकों में अंधड़-बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है, वहीं ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आ सकती है। राजस्थान और मध्य प्रदेश में 7-8 अप्रैल के बीच मौसम ज्यादा खराब होने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ का सबसे ज्यादा असर पहाड़ी राज्यों में नजर आ रहा है। जम्मू और श्रीनगर में भारी बारिश के चलते हुए भूस्खलन के कारण नेशनल हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग -44) पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया। यहां बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी। उत्तराखंड में बारिश-अंधड़ के साथ बिजली गिरने का खतरा है, वहीं हिमाचल प्रदेश में 7-8 अप्रैल को ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट है। दूसरी तरफ सिक्किम में रविवार को भूस्खलन से सड़कें अवरुद्ध हो गईं, जिससे 800 सैलानी फंस गए।
दिल्ली समेत एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। आज यहां मौसम साफ रहने की संभावना है और तेज धूप निकलने से थोड़ी गर्मी बढ़ सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री के बीच रह सकता है। 7 अप्रैल को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश हो सकती है। 8 अप्रैल को भी ऐसा ही मौसम रह सकता है। इस दौरान 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

