नईदिल्ली ,06 अपै्रल (आरएनएस)। दिल्ली विश्वविद्यालय के 2 कॉलेजों रामजस कॉलेज और मिरांडा कॉलेज को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया कि कॉलेज प्रशासन को धमकी वाले ईमेल मिले थे, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉयड के जरिए पूरे परिसर की तलाशी ली है। मौके पर अलर्ट जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कॉलेज के प्रधानाचार्य को भेजे गए ईमेल में लिखा है, परिसर में कुल 13 बम लगाए गए हैं। धमाका दोपहर तक हो सकता है। सिर्फ मुस्लिम छात्रों को ही कॉलेज परिसर से बाहर निकाला जाए। पुलिस ने बताया कि ईमेल में आपत्तिजनक और सांप्रदायिक भाषा का उपयोग किया गया है और ईमेल से कट्टरता का पता चलता है। ईमेल में ऑर्डर ऑफ 9 एंगल नामक एक संदिग्ध संगठन का भी जिक्र है।
इससे पहले एक और धमकी भरा ईमेल कुछ हफ्ते पहले दिल्ली विधानसभा सचिवालय और स्पीकर के ईमेल पते पर आया था, जिसमें धमाके की बात थी। वह ईमेल कथित तौर पर खालिस्तानी संगठन की ओर से भेजा गया था। हालांकि, अभी तक पुलिस ने उस संबंध में किसी खुलासे की जानकारी नहीं दी है। सोमवार को भेजे गए ईमेल में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और उनके परिवार को निशाना बनाने की भी बात है।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

