देहरादून,06 अपै्रल (आरएनएस)। उत्तराखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना ने सोमवार को साधु राम विद्यालय स्थित इंटेंसिव केयर सेंटर (आईसीसी) का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। विद्यालय की लाइब्रेरी में सीलन और दीमक के कारण पुस्तकों की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए पुस्तकों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने आईसीसी केंद्र में बच्चों के समग्र विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में कार्य संतोषजनक है, लेकिन इसे और सुदृढ़ बनाने के लिए सभी को शत-प्रतिशत योगदान देना होगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बच्चों के लिए पर्याप्त एवं उपयोगी पुस्तकों की व्यवस्था सुनिश्चित करने, स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा केंद्र परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही आईसीसी में समर कैंप आयोजित करने का सुझाव दिया, ताकि वंचित वर्ग के अधिक बच्चे भी लाभान्वित हो सकें। साधु राम विद्यालय के निरीक्षण में उन्होंने लाइब्रेरी में सीलन और दीमक के कारण पुस्तकों की खराब स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने विद्यालय परिसर के बाहर पड़ी निर्माण सामग्री को 48 घंटे में हटाने के निर्देश दिए। उपयोगी पुस्तकों को पुनर्वास केंद्र में स्थानांतरित करने तथा जर्जर पुस्तकों को हटाने को कहा। डॉ.खन्ना ने विद्यालय के ऑब्जर्वर को विद्यालय में संचालित सभी गतिविधियों की जानकारी रखने, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, कार्यकारिणी सदस्य, पूर्व छात्रों से समन्वय कर विद्यालय का पुर्नरुद्धार सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय शहर का बेहद पुराना और प्रतिष्ठित संस्थान रहा है। छात्रों और शिक्षकों से संवाद करते हुए उन्होंने विकासनगर के सेंट मेरी विद्यालय की छात्रा की आत्महत्या की घटना पर चिंता व्यक्त की और शिक्षकों से अभिभावकों और बच्चों से निरंतर संवाद रखने, उनकी मानसिक स्थिति पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

