देहरादून,06 अपै्रल (आरएनएस)। एक जालसाज ने रेरा का फर्जी सर्टिफिकेट और जमीन के मूल मालिकों का एग्रीमेंट दिखाकर भाजपा के पूर्व राज्यमंत्री से 80 लाख रुपये हड़प लिए। एसएसपी कार्यालय में दी गई उनकी शिकायत पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रीन पार्क निरंजनपुर निवासी अजीत सिंह भाजपा में दो बार रेशम बोर्ड के अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने एसएसपी को दी गई तहरीर में बताया कि ग्रीन सिटी, आरकेडिया ग्रांट के रहने वाले बीरेंद्र सिंह भंडारी ने उनसे संपर्क किया था। आरोपी ने शीशमबाड़ा में एक जमीन का सौदा तय करते हुए दावा किया कि उसे मूल मालिकों (पदम सिंह व अन्य) से जमीन बेचने और रकम लेने का पूर्ण अधिकार उसके पास है। विश्वास में आकर अजीत ने जनवरी 2024 में 50 लाख रुपये (30 लाख आरटीजीएस और 20 लाख नकद) दे दिए। आरोपी ने जनवरी 2025 तक रजिस्ट्री का भरोसा दिया था। इसके बाद जून 2024 में आरोपी ने पैसों की सख्त जरूरत बताकर उसी जगह एक और प्लॉट दिलाने का झांसा दिया। इस बार उसने फर्जी नक्शा व आदेश दिखाते हुए दावा किया कि प्लॉटिंग रेरा से स्वीकृत है। झांसे में आकर पीडि़त ने 20 लाख रुपये जयदीबा एसोसिएटस के खाते में आरटीजीएस किये और 10 लाख नकद दे दिए। इसके बाद जब पीडि़त ने रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया तो आरोपी टालमटोल करने लगा। छानबीन करने पर पीडि़त को पता चला कि न तो प्लॉटिंग रेरा से स्वीकृत है और न ही आरोपी ने मूल जमीन मालिकों को कोई रकम दी है। आरोपी ने पीडि़त के 80 लाख रुपये डकार लिए और अब फोन उठाना भी बंद कर दिया है। पटेलनगर थाना पुलिस ने रविवार को आरोपी बीरेंद्र सिंह भंडारी के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और कूटराचना के तहत केस दर्ज किया। इंस्पेक्टर पटेलनगर विनोद गुसाईं ने बताया कि मामले में तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

