ऋषिकेश,06 अपै्रल (आरएनएस)। डोईवाला के नगर पालिका सभागार में तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग विषय पर संवेदीकरण-सह-अभिमुखीकरण कार्यशाला का आयोजन हुआ। जिसमें शहरी क्षेत्र में तंबाकू नियंत्रण उपायों को सुदृढ़ करने और तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग प्रक्रिया की जानकारी दी गई। सोमवार को डोईवाला स्थित पालिका सभागार में आयोजित नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा में नगर निकायों की महत्वपूर्ण भूमिका है और डोईवाला में तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग को शीघ्र लागू किया जाएगा। उन्होंने बालाजी सेवा संस्थान के तंबाकू नियंत्रण प्रयासों की सराहना भी की।नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने कहा कि तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग लागू होने से अवैध बिक्री पर प्रभावी रोक लगेगी और नियमों का बेहतर अनुपालन सुनिश्चित होगा। कार्यशाला में बालाजी सेवा संस्थान की राज्य कार्यक्रम प्रबंधक ममता थप्पा ने तंबाकू विक्रेता लाइसेंसिंग की प्रक्रिया की जानकारी दी, जबकि जिला सलाहकार एनटीसीपी अर्चना कांडवाल ने तंबाकू चालान से संबंधित प्रावधानों पर प्रकाश डाला।पब्लिक इंटर कॉलेज डोईवाला के प्रिंसिपल अंकित धोबरियाल ने कहा कि तंबाकू का सेवन बच्चों के लिए गंभीर चिंता का विषय है और लाइसेंसिंग व्यवस्था बच्चों को इसके दुष्प्रभावों से बचाने में सहायक होगी। इस मौके पर अर्चना कांडवाल, डॉ. सोनम, अजीत जस्सर, पालिका मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत आदि उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

