कुशीनगर, 07 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद के पडरौना विकास खण्ड के ग्राम पंचायत बंगाली पट्टी टिकुलिया के जामिया आइशा तहजीबुल बनात में जलसा इसलाहे मुशायरा का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों और क्षेत्रीय लोगों ने सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह दीनी, इल्मी और अदबी रंग में रंगा नजर आया। इस मौके पर मशहूर इस्लामिक विद्वान मुफ्ती साजिद रामपुरी ने अपने बयान में इस्लाम में महिला शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस्लाम ने हमेशा से इल्म, ज्ञान हासिल करने पर जोर दिया है और यह हुक्म सिर्फ मर्दों के लिए ही नहीं बल्कि औरतों के लिए भी बराबर रूप से है। उन्होंने कुरआन और हदीस के हवाले से बताया कि इल्म हासिल करना हर मुसलमान मर्द और औरत पर फर्ज है। मुफ्ती ने कहा कि इस्लाम ने सबसे पहले महिलाओं को शिक्षा का अधिकार दिया और उन्हें समाज में सम्मान जनक स्थान दिलाया। उन्होंने कहा कि अगर एक महिला शिक्षित होती है तो वह पूरे परिवार और समाज को सही राह दिखा सकती है। इस लिए बेटियों की तालीम पर विशेष ध्यान देना चाहिए। उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी बेटियों को दीन और दुनियावी दोनों तरह की शिक्षा जरूर दिलाएं, ताकि वे एक बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक बन सकें। जलसे में उलेमाओ ने अपने बयान में इस्लाम की बुनियादी शिक्षाओं, समाज में सुधार (इसलाह) और इंसानी अखलाक पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कुरआन और हदीस की रोशनी में जिंदगी गुजारना ही असली कामयाबी है। कार्यक्रम में पहुंचे पूर्व राज्यमंत्री जावेद इकबाल ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज को जागरूक करने और लोगों को सही दिशा देने का कार्य करते हैं। उन्होंने शिक्षा, एकता और आपसी भाईचारे को समाज की मजबूती के लिए आवश्यक बताया। जलसे के दौरान नात-ओ-तकऱीर और मुशायरे का भी आयोजन हुआ। जिसमें शायरों ने अपने कलाम पेश कर लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और भाईचारे के लिए विशेष दुआ की। आयोजक समिति में मौलवी हैदर अली, मौलाना कमाल अख्तर नदवी, शफीक अहमद, खालिद अंसारी, खुर्शेद अंसारी, जाबिर अंसारी, अबरार अहमद, पत्रकार साजिद अंसारी, असरार अहमद, नूरशेद अंसारी, राजा हुसैन, फार्मासिस्ट फरमान अंसारी, फिरोज शाह, फिरोज अंसारी, ऐनुल्लाह अंसारी, फुरकान अंसारी, फैजुलहक, बिस्मिल्लाह अंसारी, निजामुद्दीन अंसारी सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

