कोंडागांव, 08 अप्रैल (आरएनएस)। जिले में स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत सार्वभौमिक स्वास्थ्य जांच कार्यक्रम की शुरुआत 14 अप्रैल से की जाएगी। इस अभियान का शुभारंभ 13 अप्रैल को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा किया जाएगा। अभियान स्वस्थ रहिबो, निरोग रहिबो थीम पर आधारित है, जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य टीमों द्वारा घर-घर जाकर जांच एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में इस अभियान का क्रियान्वयन किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति की समय पर स्वास्थ्य जांच, बीमारियों की पहचान तथा आवश्यक उपचार एवं रेफरल के माध्यम से स्वस्थ बस्तर का निर्माण करना है।
यह अभियान एक माह तक संचालित किया जाएगा, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी। जांच के पश्चात जरूरत अनुसार तत्काल उपचार एवं रेफरल की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक व्यक्ति का स्वास्थ्य प्रोफाइल तैयार किया जाएगा तथा संक्रामक एवं गैर-संक्रामक रोगों की पहचान, एनीमिया और कुपोषण की जांच एवं उपचार सुनिश्चित किया जाएगा।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा जिले को कुल 6,91,927 लोगों की जांच का लक्ष्य दिया गया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विकासखंड स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार किया गया है। जिले के 173 उप स्वास्थ्य केंद्रों से प्रत्येक गांव में एक-एक टीम गठित की गई है, जिसमें सीएचओ, आरएचओ और मितानिन शामिल होंगे।
सभी गांवों में घर-घर जाकर जांच की जाएगी तथा आवश्यक जांच किट और दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बीएमओ एवं बीपीएम को निर्देशित किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा नियमित रूप से स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन द्वारा जनप्रतिनिधियों एवं आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग करें और अधिक से अधिक संख्या में जांच कराकर स्वस्थ समाज के निर्माण में सहभागी बनें।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

