जौनपुर 8 अप्रैल (आरएनएस )। जिले में बीती रात आई तेज आंधी-तूफान ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। मछलीशहर रोड स्थित सरकारी अस्पताल के पास अचानक नीम का पेड़ गिरने से बाइक सवार एक युवक उसकी चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई, जिसने हादसे की भयावहता को उजागर कर दिया। मुंगरा बादशाहपुर क्षेत्र के पकड़ी गोदाम मोहल्ला निवासी 18 वर्षीय मनीष कुमार गौतम अपनी बाइक से कहीं जा रहा था कि इसी दौरान तेज आंधी-तूफान शुरू हो गया, जिसके चलते वह सड़क किनारे रुक गए। तभी अचानक सड़क किनारे खड़ा एक पुराना नीम का पेड़ उनके ऊपर गिर पड़ा। पेड़ की भारी डाल के नीचे दबने से मनीष गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही युवक ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लोगों का कहना है कि सड़कों के किनारे कई जर्जर और पुराने पेड़ खड़े हैं, जो आंधी-तूफान में कभी भी गिर सकते हैं और बड़ा हादसा हो सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

