जिले ने निजी स्कूलों ने शिक्षा को बनाया है धंधा: अभिषेक सिंह राणा
सुल्तानपुर 8 अप्रैल (आरएनएस)। जनपद में निजी विद्यालयों की मनमानी और अभिभावकों के कथित आर्थिक-मानसिक शोषण के खिलाफ अब माहौल पूरी तरह गरमा गया है। जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन पर सीधा हमला बोलते हुए ऐलान किया है कि आज 9 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, और यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और आक्रामक रूप दिया जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए कहा कि निजी स्कूलों ने शिक्षा को धंधा बना दिया है। रजिस्ट्रेशन, एडमिशन फीस, किताब-कॉपी और ड्रेस के नाम पर अभिभावकों से खुलेआम लूट मचाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पूरा वसूली तंत्र प्रशासन की शह पर चल रहा है और जिम्मेदार अधिकारी जानबूझकर आंखें मूंदे बैठे हैं। शहर अध्यक्ष ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अगर इस लूट और शोषण पर तत्काल रोक नहीं लगी, तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आर-पार की लड़ाई लड़ेगी। जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और तेज कर दिया जाएगा। युवा छात्र नेता मानस तिवारी ने कहा कि अब अभिभावकों का गुस्सा फूटने के कगार पर है और कांग्रेस उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करेगी। यह सिर्फ एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि हर परिवार के सम्मान और भविष्य का सवाल है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जानकारी दी कि 9 अप्रैल को होने वाले प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। साथ ही उन्होंने प्रशासन को सीधी चेतावनी दी गई है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो यह आंदोलन जल्द ही जन आक्रोश की लहर बनकर सड़कों पर फूटेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने बताया कि आंदोलन की जानकारी जिलाधिकारी को दे दी गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

